MP में शीतलहर और घने कोहरे का डबल अटैक, पचमढ़ी सबसे ठंडा, 25 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे
मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का असर जारी है। पचमढ़ी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहीं, 25 से ज्यादा शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे रहा।
मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा लगातार असर दिखा रहा है। प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में शुक्रवार सुबह पत्तों पर ओस की बूंदें जमी दिखाई दी थी। यहां रात का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो पूरे प्रदेश में सबसे कम रहा था। मौसम विभाग ने साफ किया है कि फिलहाल ठंड से राहत की कोई संभावना नहीं है और आने वाले दिनों में रात का तापमान और गिर सकता है।
शुक्रवार सुबह भोपाल, मंडला, रीवा, सतना, पचमढ़ी, दतिया, धार, गुना, ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, खजुराहो, नौगांव, अशोकनगर, झाबुआ, खंडवा, शाजापुर और सीहोर समेत कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई थी जिससे वाहन चालकों को दिन में भी लाइट जलाकर चलना पड़ा। इसके अलावा कई इलाकों में सुबह की आवाजाही प्रभावित रही थी।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार-शुक्रवार की रात प्रदेश के करीब 25 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया था। पचमढ़ी के बाद रीवा में तापमान 5.5 डिग्री, शिवपुरी और खजुराहो में 6 डिग्री, नौगांव और दतिया में 6.2 डिग्री तथा उमरिया में 6.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा जहां न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में रात का पारा 7 डिग्री पर पहुंच गया जबकि, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार गिरते तापमान से शीतलहर का असर और तेज हो गया है।
ठंड और कोहरे के चलते आम जनजीवन भी काफी प्रभावित हुआ है। कई शहरों और कस्बों में सुबह-सुबह लोग अलाव तापते दिखाई दिए। खासतौर पर खुले इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया गया।
कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। दिल्ली से भोपाल, इंदौर और उज्जैन की ओर आने वाली कई ट्रेनें तय समय से देरी से चल रही हैं। शुक्रवार को पंजाब मेल, शताब्दी एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस और मालवा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में देरी दर्ज की गई। इसकी वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश में ठंड की ऐसी स्थिति बनी है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि इसका असर फिलहाल बना रहेगा और अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।




