AAP विधायक हरमीत पठानमाजरा शिवपुरी से गिरफ्तार, रेप केस में 6 महीने से थे फरार
पटियाला पुलिस ने रेप केस में फरार AAP विधायक हरमीत पठानमाजरा को ग्वालियर-शिवपुरी बायपास से गिरफ्तार किया। 6 महीने से फरार आरोपी ऑस्ट्रेलिया से लौटने के 5 दिन बाद पकड़ा गया।
पटियाला। पंजाब के पटियाला पुलिस ने दो साल पुराने रेप केस में फरार चल रहे आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक हरमीत पठानमाजरा को मध्य प्रदेश के ग्वालियर शिवपुरी बायपास से गिरफ्तार कर लिया है। सनौर सीट से विधायक पठानमाजरा पिछले छह महीने से फरार थे और उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था। पुलिस ने उन्हें सुप्रीम कोर्ट में पेशी के लिए भारत लौटने के पांच दिन बाद ही दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी विधायक को पकड़ने के लिए दो दिन तक लगातार ट्रैकिंग और निगरानी की गई थी। जैसे ही वह ग्वालियर से शिवपुरी की ओर बायपास हाईवे से गुजर रहे थे वैसे ही टीम ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उनके साथ मौजूद तीन अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया जिन्हें आगे की कार्रवाई के लिए साथ ले जाया गया है।
यह भी पढ़ें:भिंड के संस्कार श्रीवास्तव की स्कॉटलैंड में संदिग्ध मौत, परिवार ने जताई हत्या की आशंका
हरमीत पठानमाजरा पर दो साल पहले दर्ज रेप केस में संलिप्त होने का आरोप है। मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए वह विदेश चले गए थे। लंबे समय तक फरार रहने के कारण अदालत ने उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया था। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के सिलसिले में वह भारत लौटे थे जिसके बाद पुलिस ने सक्रिय होकर उनकी तलाश तेज कर दी थी।
पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि आरोपी को भगोड़ा घोषित किए जाने के कारण इस ऑपरेशन के दौरान स्थानीय पुलिस को सूचना देना जरूरी नहीं था। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं होता तो संबंधित राज्य की पुलिस को जानकारी देना अनिवार्य होता। वहीं, शिवपुरी के एसपी अमन सिंह राठौड़ ने कहा कि इस गिरफ्तारी को लेकर स्थानीय पुलिस को कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई थी। पटियाला पुलिस की टीम कार्रवाई के बाद विधायक को सीधे पंजाब ले गई जहां अब आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
यह भी पढ़ें:CG: बिलासपुर में बर्ड फ्लू का कहर, सरकारी पोल्ट्री फार्म में 4400 मुर्गियों की मौत




