धार्मिक शहरों में शराबबंदी के साथ स्मैक, जुआ-सट्टा भी बंद करे सरकार: दिग्विजय सिंह
दिग्विजय सिंह ने कहा कि संविधान हमें सिखाता है कि पिछड़ों को आगे लाओ और सभी धर्मों का सम्मान करो। लेकिन RSS वाले इससे हटकर नफरत का माहौल कायम करते हैं।

इंदौर। कांग्रेस पार्टी द्वारा 27 जनवरी को महू में आयोजित जय बापू, जय भीम, जय संविधान रैली को लेकर तैयारियां जोरों पर है। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इंदौर पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि संविधान हमें सिखाता है कि पिछड़ों को आगे लाओ और सभी धर्मों का सम्मान करो। लेकिन आरएसएस वाले इससे हटकर नफरत का माहौल कायम करते हैं।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि जय बापू, जय भीम, जय संविधान यात्रा में दो लाख से अधिक लोगों के जुटने का अनुमान है। यहां खड़गे, राहुल और प्रियंका तीनों संबोधित करेंगे। इससे पहले दिग्विजय सिंह पिपलियाहाना स्थित उस जगह पहुंचे जहां से संत रविदास और भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाएं हटाई गई हैं।
यह भी पढे़ं: इंदौर में संत रविदास और अंबेडकर प्रतिमा का अनादर, दिग्विजय सिंह ने पुलिस कमिश्नर से की कार्रवाई की मांग
दिग्विजय सिंह ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि जिस जगह पर मूर्तियां लगी थीं, वहां मैं आज शुक्रवार सुबह गया था। वहां मंदिर-आश्रम भी है, दुकानें भी हैं, लेकिन उन्हें नहीं हटाया। वहां दुकानों पर केवल नोटिस चस्पा किए गए हैं। निगम और प्रशासन ने केवल दोनों प्रतिमाएं ही हटाईं।
उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि यदि सरकारी जमीन है तो उसे पूरी तरह से मुक्त कराया जाना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री ने धार्मिक शहरों में शराबबंदी को लेकर कहा कि इन शहरों से जुआ, सट्टा और स्मैक पर भी प्रतिबंध लगना चाहिए।
यूनियन कार्बाइड के कचरे पर सिंह ने कहा कि यूका कचरे को वहीं खत्म कर देना चाहिए। मुझे कोई बता रहा था वहां कोई बिल्डर रुचि ले रहा है, उनके लिए ज़मीन खाली करवा रहे हैं।
कांस्टेबल सौरभ शर्मा को लेकर कांग्रेस ने कहा कि सौरभ को लोकायुक्त, ईडी, आईटी सब ढूंढ रहे हैं। ये नमूना है भाजपा की मॉडल ऑफ गवर्नेंस का। सरकारी कर्मचारी-अफसरों को लगता है कि कांग्रेस की सरकार आ जाएगी तो हमारे खिलाफ कार्रवाई होगी। इसलिए सभी के सभी बेईमान-भ्रष्ट अधिकारी-कर्मचारी भाजपा के पेड कार्यकर्ता के रूप में काम करते हैं। पुलिस, रेवेन्यू सभी विभागों के अधिकारी भाजपा के लिए काम करते हैं।