मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, पारा 47 डिग्री पार, कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी
मध्य प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। छतरपुर के नौगांव में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग ने कई जिलों में अगले चार दिनों तक हीटवेव और तीव्र लू का अलर्ट जारी किया है।
मध्य प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। मंगलवार को प्रदेश में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तीव्र गर्मी और हीटवेव की चेतावनी जारी की है। बुधवार को भी मौसम के और ज्यादा तपने की संभावना जताई गई है। जिससे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।
राज्यभर में सुबह से ही तेज धूप लोगों को झुलसा रही है। दोपहर होते-होते हालात ऐसे हो रहे हैं मानो आसमान से आग बरस रही हो। लू के तेज थपेड़ों ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत कई बड़े शहरों में दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं और धूप से बचने के लिए चेहरे ढककर निकल रहे हैं।
भीषण गर्मी के बीच ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ गई है। शहरों में नींबू पानी, गन्ने के रस और अन्य शीतल पेय की दुकानों पर लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। वहीं, दोपहर के समय बाजारों और प्रमुख चौराहों पर सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही काफी कम हो गई है।
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए भिंड, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़, सतना, रीवा, मऊगंज, दमोह, सीधी, सिंगरौली, सागर, रायसेन और रतलाम जिलों में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, मंदसौर, नीमच, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, मुरैना, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, शाजापुर, खरगोन, नर्मदापुरम, सीहोर, देवास, खंडवा, हरदा, बुरहानपुर और शहडोल सहित कई जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, बैतूल, पांढुर्णा, अनूपपुर और सिवनी में भी भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। वहीं उमरिया, डिंडौरी, बालाघाट, राजगढ़, कटनी और छिंदवाड़ा समेत कुछ जिलों में रात के तापमान में भी राहत नहीं मिलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में वॉर्म नाइट की स्थिति घोषित की गई है।
तापमान की बात करें तो मंगलवार को छतरपुर जिले का नौगांव प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा। वहां अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खजुराहो में पारा 46.4 डिग्री तक पहुंच गया। जबकि, दतिया में 45.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। राजगढ़ में 45.6 डिग्री, दमोह में 45.5 डिग्री और शाजापुर, टीकमगढ़, गुना व सागर में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
इसके अलावा सतना में 45.1 डिग्री, मुरैना, शहडोल, रायसेन, रीवा और श्योपुर में 45 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मंडला में 44.6 डिग्री, उमरिया में 44.5 डिग्री, खरगोन में 44.4 डिग्री और रतलाम में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। खंडवा का तापमान भी 44.1 डिग्री तक पहुंच गया।
प्रदेश के बड़े शहरों में भी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। ग्वालियर में पारा 45 डिग्री तक पहुंच गया। जबकि, राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंदौर में तापमान 43.7 डिग्री, उज्जैन में 43.8 डिग्री और जबलपुर में 44.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।




