MP में आदिवासियों पर अत्याचार जारी, भाजपा विधायक के बेटे ने आदिवासी युवक को मारी गोली

सिंगरौली में भाजपा विधायक रामलल्लू वैश्य के बेटे विवेकानंद वैश्य ने एक आदिवासी युवक को दिन दहाड़े गोली मार दी। आरोपी पिछले साल भी गोलीकांड कर चुका है।

Updated: Aug 04, 2023, 09:42 AM IST

सिंगरौली। भाजपा शासित मध्य प्रदेश में सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों द्वारा आदिवासियों के साथ अत्याचार की घटनाएं कम नहीं हो रही है। सीधी पेशाब कांड के बाद अब सिंगरौली जिले से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां भाजपा विधायक के बेटे ने एक आदिवासी युवक को दिन दहाड़े गोली मार दी।

घटना जिले के मोरवा थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि सिंगरौली विधायक राम लल्लू वैश्य के पुत्र विवेकानंद वैश्य शाम को बूढ़ी माता मंदिर के पास किसी कार्य से गया हुआ था। उसी दौरान युवक सूर्या खैरवार से किसी बात को लेकर बहस हो गई। धीरे-धीरे दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया और गुस्से में आकर विधायक पुत्र ने अपने पास रखे पिस्टल को निकाला और गोली दाग दी। 

यह भी पढ़ें: खंडवा: 24 दिनों से अनशन पर बैठी सफाईकर्मी रंजीता चौहान को जबरन अस्पताल ले गई पुलिस

गनीमत यह रही कि गोली युवक के दाहिने हाथ में लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ित की शिकायत पर मोरवा थाने की पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। हत्या का प्रयास का केस लगने के बाद भी विधायक के बेटे को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है।

आरोपी विवेकानंद वैश्य हिस्ट्री शीटर बताया जा रहा है। विधायक के बेटे ने पिछले साल ही वन विभाग के चेकपोस्ट पर वनकर्मियों के साथ लाठी-डंडे से मारपीट की थी। इसके बाद बंदूक से फायरिंग भी की थी। गनीमत रही कि गोली वनकर्मी के पैर को छूते हुए निकल गई थी। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अरविंद सिंह चंदेल ने आरोप लगाया कि 10 साल में विवेकानंद वैश्य कई वारदात कर चुका है। बीजेपी नेता का बेटा होने की वजह से उस पर कोई कार्रवाई नहीं होती है। गुरुवार को भी काफी समय बाद एफआईआर की गई।