फेरे लेने से पहले थाने में धरने पर बैठ गए दूल्हा-दुल्हन, डीजे बंद कराने से हो गए थे नाराज

मध्य प्रदेश के रतलाम में डीजे बंद कराए जाने से दूल्हा-दुल्हन नाराज हो गए। इसके बाद वे आधी रात को थाने पहुंच गए और धरना शुरू कर दिया।

Updated: Apr 08, 2023, 10:43 AM IST

रतलाम। मध्य प्रदेश में रतलाम के औद्योगिक क्षेत्र में सोलंकी परिवार का विवाह समारोह चल रहा था। वहां दो जवान पहुंचे और डीजे बंद करा दिया। इस पर दूल्हा-दुल्हन सहित मेहमान रात करीब 12 बजे जीआरपी चौकी पहुंचे। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र थाने के दोनों जवानों के खिलाफ लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की और चौकी परिसर में ही धरने पर बैठ गए।

जानकारी के अनुसार, रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में चल रहे एक शादी समारोह के बीच दूल्हा-दुल्हन सहित मेहमान आधी रात को पुलिस थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गए। दूल्हा दुल्हन और मेहमानों का आरोप था कि शादी समारोह में चल रहे डीजे को बंद कराने आए दो पुलिस जवानों ने महिलाओं से अभद्रता की।

दूल्हा-दुल्हन की मांग थी कि जब तक पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई नहीं होगी, वह फेरे नहीं लेंगे। करीब तीन घंटे तक धरना देने के बाद कार्रवाई का आश्वासन मिला, तब धरना समाप्त किया। दूल्हा अजयसिंह सोलंकी ने कहा कि मेरी शादी थी। दो पुलिस जवान आए और डीजे बंद करवा दियाा। मेरी शादी बिगाड़ दी। महिलाओं के साथ बदतमीजी की। 

दूल्हे ने आगे कहा कि पंकज ओर शोभाराम नाम के जवान औद्योगिक क्षेत्र के हैं। हमारा रेलवे क्षेत्र है।।ये अपना क्षेत्र छोड़कर यहां आए। हम थाने आए हैं। फेरे भी नहीं लिए हैं। इनके खिलाफ करवाई होनी चाहिए। दो घंटे से ज्यादा समय तक हम थाने में बैठे। टीआई ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

दूल्हे की भाभी कोमल सोलंकी ने कहा कि मेरे देवर की शादी थी। औद्योगिक क्षेत्र थाने के दो जवान पंकज ओर शोभाराम आए और बोले कि एसपी का आदेश है, डीजे बंद कराया जाए। हमने उनसे कहा कि फेरे हो जाने दीजिए, हम बंद कर देंगे, लेकिन दोनों ने शराब पी रखी थी। उन्होंने महिलाओं के साथ बदतमीजी की। हम कार्रवाई के लिए आए हैं।