उज्जैन में चाइनीज मांझा से कटी भाजपा नेता की नाक, गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती

रिश्तेदार के साथ बाइक पर जा रहे थे दीनदयाल मंडल के कार्यालय मंत्री विष्णु पोरवाल, ऋषिनगर में चेहरे पर फंसा मांझा।

Updated: Jan 14, 2023, 04:00 AM IST

उज्जैन। चाइनीज मांझे पर तमाम प्रतिबंध के बावजूद मध्य प्रदेश के उज्जैन में इसका उपयोग बंद नहीं हो रहा है। शुक्रवार को उज्जैन के ऋषि नगर में बीजेपी के एक नेता चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए। इस दौरान मांझे से उनकी नाक और होंठ कट गए। इलाज के लिए उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डाक्टर का कहना है कि शनिवार को सर्जरी करवाना पड़ेगी।

माधव नगर पुलिस ने बताया कि 40 वर्षीय विष्णु पोरवाल है निवासी ऋषिनगर भाजपा के दीनदयाल मंडल के कार्यालय मंत्री हैं। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे वे चचेरे भाई के साथ जयसिंहपुरा में आयोजित किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहे थे। बाइक विष्णु पोरवाल ही चला रहे थे। 

ऋषिनगर में बगीचे के समीप उनके चेहरे पर एकाएक चाइनीज मांझा आकर फंस गया। इससे उनके होंठ व नाक कट गई। उपचार के लिए उन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डाक्टर ने बताया कि नाक की सर्जरी करना पड़ेगी।

बता दें कि पिछले साल चाइनीज मांझा के कारण जीरो पाइंट पुल से दोपहिया वाहन से गुजर रही 11वीं की छात्रा नेहा आंजना की गला कटने के कारण मौत हो चुकी है। इस साल भी चाइनीज मांझा से चार लोगों को जानलेवा चोट लगी है। महिला थाने में पदस्थ नगर सैनिक सुजित सिंह ठाकुर को वीआइपी ड्यूटी पर जाते समय शांति पैलेस चौराहे के समीप गले में चाइनीज मांझा फंसने से दस टांके लगवाना पड़े।

जांसापुरा निवासी मोइनउद्दीन के गले में हरिफाटक पुल पर मांझा फंसने पर बुरी तरह गला कट गया। पिता के साथ दोपहिया वाहन पर स्कूल से घर लौटते समय छह साल की बालिका साहिबा निवासी मिल्कीपुरा के गले में चोट लगी थी। इन घटनाओं को देखते हुए राज्य में चाइनीज मांझे को प्रतिबंधित किया गया है। विक्रेताओं के खिलाफ घर तोड़ने की कार्रवाई भी हो रही है।