स्वच्छता के मामले में इंदौर 7वीं बार नंबर वन, भोपाल पांचवां सबसे स्वच्छ शहर

इंदौर के अलावा मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल, महू कैंट, बुधनी, अमरकंटक, नौरोजाबाद को भी स्वच्छता में अवॉर्ड मिला है।

Updated: Jan 11, 2024, 12:46 PM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश की मिनी मुंबई कहे जाने वाले इंदौर शहर का स्वचछ्ता में देश में नंबर वन का स्थान बरकरार है। इंदौर ने 7वीं बार यह खिताब हासिल किया है। इंदौर शहर को देश का सबसे स्वच्छ शहरो में 7 स्टार रेटिंग मिला है। इंदौर के अलावा मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल, महू कैंट, बुधनी, अमरकंटक, नौरोजाबाद को भी स्वच्छता में अवॉर्ड मिला है। 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा नई दिल्ली के भारत मण्डपम कन्वेंशन सेंटर में शहरों को स्वच्छता अवॉर्ड दी गई। हालांकि, इंदौर के साथ इस बार संयुक्त रूप से सूरत को भी नंबर एक पर रखा गया है। भोपाल देश का पांचवां सबसे साफ शहर बना। पिछले साल ये छठवें स्थान पर था। मप्र ने इस बार भारत के दूसरे सबसे स्वच्छ राज्य का अवॉर्ड जीता है। ये पुरस्कार सीएम मोहन यादव ने ग्रहण किया।

महाराष्ट्र को राज्य की श्रेणी में स्वच्छता का पहला पुरस्कार मिला। जबकि छत्तीसगढ़ को तीसरे सबसे स्वच्छ राज्य का पुरस्कार मिला। मप्र के महू को सबसे स्वच्छ कैंटोनमेंट बोर्ड का अवॉर्ड मिला। ये अवॉर्ड डायरेक्टर जनरल जीएस राजेश्वरन ने प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए बनाए गए पोर्टल का लोकार्पण किया।

लगातार 7वीं बार अवार्ड मिलने पर इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र, जनता, अफसर और जनप्रतिनिधियों सबका योगदान है। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्रीजी ने हमें पहले ही अलर्ट कर दिया था कि इंदौर तैयार रहना, इस बार कोई दूसरा शहर बाजी मार सकता है। उनका यह बयान हमें लिए रिचार्ज की तरह रहा। हम जमकर जुटे और नंबर 1 का ताज बनाए रखा। राष्ट्रपति की मौजूदगी के दौरान अवार्ड लेने को अनुभव अनूठा रहा।