शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 700 अंक गिरकर 81,700 पर पहुंचा, निफ्टी भी करीब 200 अंक लुढ़का
सेंसेक्स करीब 700 अंक गिरकर 81,700 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी करीब 200 अंक की गिरावट है, ये 24,750 के स्तर पर है।

मुंबई। शेयर मार्केट में कल बंपर बढ़त के बाद आज मुनाफावसुली देखी जा रही है। हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार, 13 मई को शेयर बाजार में गिरावट है। सेंसेक्स करीब 700 अंक गिरकर 81,700 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी करीब 200 अंक की गिरावट है, ये 24,750 के स्तर पर है।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 26 में गिरावट है। इंफोसिस और जोमैटो के शेयर करीब 2.5% नीचे है। सनफार्मा और बजाज फाइनेंस के शेयर मामूली तेजी है। निफ्टी के 50 शेयरों में से 39 में गिरावट है। NSE के IT इंडेक्स में 1.50% की गिरावट है। ऑटो, रियल्टी और FMCG इंडेक्स करीब आधा फीसदी नीचे हैं।
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि भू-राजनीतिक तनाव कम होने और सॉवरेन क्रेडिट अपग्रेड के कारण सोमवार को बाजार में तेजी देखने को मिली थी। हालांकि, आज निवेशक मुनाफा वसूली कर रहे हैं। इससे इंट्राडे में उतार-चढ़ाव दिख रहा है।
भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर की घोषणा के बाद सोमवार, 12 मई को सेंसेक्स 2975 अंक (3.74%) चढ़कर 82,430 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स की ये साल की सबसे बड़ी तेजी है। इससे पहले सेंसेक्स 15 अप्रैल को 1,577 पॉइंट या 2.10% चढ़ा था।
निफ्टी में भी 917 अंक (3.82%) की तेजी रही थी, ये 24,925 के स्तर पर बंद हुआ। NSE के IT इंडेक्स में 6.70%, रियल्टी में 5.93%, मेटल में 5.86%, फाइनेंशियल सर्विसेज में 4.21% और ऑटो में 3.41% की तेजी रही। वहीं, FMCG, मीडिया और बैंकिंग शेयर्स 3% से ज्यादा चढ़कर बंद हुए थे।