BSP ने जारी की 26 उम्मीदवारों की तीसरी सूची, पथरिया से मौजूदा विधायक रामबाई ही लड़ेंगी चुनाव
बसपा ने राजनगर सीट से भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष घासीराम पटेल को बनाया उम्मीदवार, छतरपुर सीट से डीलमणि सिंह उर्फ बब्बू राजा लड़ेंगे चुनाव

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अब बसपा ने भी अपनी तीसरी सूची जारी कर दी है। तीसरी सूची में बसपा ने कुल 26 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। इस लिस्ट में दमोह जिले की पथरिया सीट से मौजूदा विधायक रामबाई सिंह को टिकट दिया गया है।
सोमवार दोपहर भारत निर्वाचन आयोग ने मध्य प्रदेश में चुनाव की तारीखों का ऐलान किया और उसके कुछ ही देर बाद बीजेपी ने अपनी 57 प्रत्याशियों वाली चौथी सूची जारी कर दी। देर रात बसपा ने भी अपनी तीसरी सूची जारी की, जिसमें उन्होंने 26 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया।
बसपा ने छतरपुर जिले की राजनगर सीट से केंडिडेट बदला है। पहले रामराज पाठक को प्रत्याशी बनाया था। उनकी जगह अब भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष घासीराम पटेल को प्रत्याशी घोषित किया है। मुरैना जिले की जौरा सीट पर बहुजन समाज पार्टी ने पूर्व विधायक सोनी राम कुशवाहा को प्रत्याशी बनाया है
बहुजन समाज पार्टी द्वारा मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा आम चुनाव 2023 में घोषित उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की जाती है जो निम्ननुसार है। #BSPMadhyaPradesh pic.twitter.com/9ToTV8gBMt
— BSP Madhya Pradesh (@BSP4MP_) October 9, 2023
इसके अलावा जौरा सीट से सोनेराम कुशवाहा, सबलगढ़ से सोनेराम धाकड़, अंबाह से डॉ. रामवरन सिंह, विजयपुर सीट से महेश कुशवाहा, भांडेर से राजू चौधरी, खरगापुर से ह्देश कुशवाहा, छतरपुर सीट से डीलमणि सिंह उर्फ बब्बू राजा, बिजावर सीट से महेंद्र गुप्ता, चित्रकूट से सुभाष शर्मा उर्फ डॉली, मनगवा सीट से रामायण साकेत को टिकट दिया गया है।
वहीं, सिहावल से रानी वर्मा, जैतपुर से विजय कुमार विरसा, सिहोरा से सुभाष मरकाम, सिवनी से अजाब लाल शास्त्री, कटंगी से पंचेश्वर गुरुजी, शिवपुरी सीट से अहिरवन सिंह गुर्जर, गोविंदपुरा से उमादेवी वर्मा, गाडरवारा से सविता अहिरवार, छिंदवाड़ा से विक्रम हिरपाची, मुलताई से ईन्दल राव खातरकर, खंडवा से संदीप अटूट, आष्टा से बद्री लाल कटारिया, सुवासरा से बलवंत सिंह गुर्जर, नेपानगर से दिलीप कास्डेकर को पार्टी ने मैदान में उतारा है।