कुंभ में मौनी अमावस्या के स्नान पर भगदड़, 20 लोगों की मौत, कई गंभीर रूप से घायल

प्रयागराज के संगम तट पर मंगलवार-बुधवार की रात करीब डेढ़ बजे भगदड़ मच गई। इसमें कम से कम 20 लोगों की मौत की खबर है। जबकि 50 से ज्यादा घायल हैं।

Updated: Jan 29, 2025, 12:38 PM IST

प्रयागराज। संगम नगरी प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में मौनी अमावस्या स्नान के लिए पहुंची भीड़ में भगदड़ मच गई। इसमें कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हैं। हालांकि, प्रशासन ने मौत या घायलों की संख्या को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।

महाकुंभ में आज मौनी अमावस्या का स्नान है, जिसके चलते करीब 5 करोड़ श्रद्धालुओं के शहर में मौजूद होने का अनुमान है। प्रशासन के मुताबिक, संगम समेत 44 घाटों पर आज देर रात तक 8 से 10 करोड़ श्रद्धालुओं के डुबकी लगाने का अनुमान है। इससे एक दिन पहले यानी मंगलवार को अनुमान के मुताबिक साढ़े 5 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई। 

बताया जा रहा है कि यह दर्दनाक हादसा रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच संगम तट के पास हुआ। भगदड़ के बाद प्रशासन के अनुरोध पर सभी 13 अखाड़ों ने आज मौनी अमावस्या का अमृत स्नान रद्द कर दिया था। इसके बाद अखाड़ों ने बैठक की। इसमें तय हुआ कि 10 बजे के बाद अमृत स्नान करेंगे। हादसे के बाद 70 से ज्यादा एंबुलेंस संगम तट पर पहुंचीं। इनसे घायलों और मृतकों को अस्पताल ले जाया गया।

हादसे के बाद संगम तट पर NSG कमांडो ने मोर्चा संभाल लिया। संगम नोज इलाके में आम लोगों की एंट्री बंद कर दी गई। भीड़ और न बढ़े, इसलिए प्रयागराज शहर में भी श्रद्धालुओं के आने पर रोक लगा दी गई है। इसके लिए शहर की सीमा से सटे जिलों में प्रशासन को मुस्तैद कर दिया गया है। आसपास के जिलों से आ रहे लोगों को प्रयागराज जाने से रोका जा रहा है।

महाकुंभ में भगदड़ के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आवास पर इमरजेंसी बैठक बुलाई है। इसमें पुलिस और शासन के बड़े अफसर शामिल हैं। योगी प्रयागराज के साथ बनारस और अयोध्या में भी भीड़ नियंत्रित करने के लिए चर्चा कर रहे हैं।

प्रयागराज में वाहनों का प्रवेश बंद किए जाने से चित्रकूट में 30 हजार से अधिक लोग जाम में फंस गए हैं। प्रयागराज बरगढ़ बॉर्डर से लेकर भरतकूप तक जाम लगा हुआ है। श्रद्धालुओं को होर्डिंग एरिया में शिफ्ट करने के साथ वाहनों को खाली स्थान का पार्क कराया जा रहा है।

ट्रैफिक कंट्रोल के लिए बरगढ़ बॉर्डर में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन व पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह लगे हुए हैं। सभी थानों का अलर्ट कर दिया गया है। दूसरी ओर ट्रेनों को भी प्रयागराज जाने से रोक दिया गया है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस को भरतकूप रेलवे स्टेशन में खड़ा कराया गया है। यह ट्रेन 5:00 से यहां पर खड़ी है।