MP विधानसभा चुनाव में चंद्रशेखर की एंट्री, आजाद समाज पार्टी ने जारी की प्रत्याशियों की पहली सूची 

चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी ने मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने 6 सीटों से अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। 

Publish: Sep 22, 2023, 03:20 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सभी दल चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। पार्टियां अपने अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर रही हैं। भाजपा, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की सूची जारी भी कर दी है। अब इसी क्रम में भीम आर्माी चीफ चंद्रशेखर की पार्टी आजाद समाज पार्टी की भी मध्यप्रदेश में एंट्री हो चुकी है। पार्टी ने अपने 6 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिये हैं। हालांकि अभी तक कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की एक भी सूची जारी नहीं की है।

 भाजपा पहले ही 39 सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। भाजपा की दूसरी सूची भी जल्द आने की संभावना है। इसी दौरान चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी ने भी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए 6 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं। प्रत्याशियों की पहली सूची में पार्टी ने सांवेर, दिमनी, मुंगावली, अटेर, शमशाबाद, बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र में अपने प्रत्याशी घोषित किए हैं। 

आजाद समाज पार्टी की सूची में इंदौर जिले की सांवेर सीट से विनोद यादव को मौका दिया गया है। ASP ने मुरैना जिले की दिमनी से अनिल सिंह गुर्जर को टिकट दिया है। वहीं, अशोकनगर जिले की मुंगवाली सीट से दौलत प्रताप लोधी को टिकट मिला है। इसके अलावा भिंड जिले की अटेर से राधेश्याम बघेल को प्रत्याशी घोषित किया है। विदिशा जिले की शमशाबाद सीट से मार्वन सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा बुरहानपुर सीट से दत्तु मेंढ़े को पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है।

बता दें भीम आर्मी चीफ मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए काफी आक्रामक नजर आ रहे हैं। वे 'संविधान बचाओ, देश बचाओ यात्रा' के नाम से देश भर में यात्रा कर रहे हैं। वे मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव को देखते हुए मध्य प्रदेश में 19 से 23 सितंबर तक यात्रा निकाल रहे हैं। यह यात्रा पांच जिलों की 25 से ज्यादा विधानसभा को कवर करते हुए जिला रतलाम के जावरा में संपन्न होगी। इसकी शुरुआत उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महु से की थी।