देशभर में होली का जश्न, पीएम मोदी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत तमाम दिग्गजों ने दी बधाई

आइए, इस शुभ अवसर पर हम सब मिलकर भारत माता की सभी संतानों के जीवन में निरंतर प्रगति, समृद्धि और खुशियों के रंग भरने का संकल्प लें: राष्ट्रपति मुर्मू

Updated: Mar 15, 2025, 02:29 PM IST

नई दिल्ली। देशभर में होली का त्योहार हर्षोल्हास के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत तमाम नेताओं ने सुभकामनाएं दी हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “रंगों के त्योहार होली के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। हर्षोल्लास का यह पर्व एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। यह त्योहार भारत की अनमोल सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। आइए, इस शुभ अवसर पर हम सब मिलकर भारत माता की सभी संतानों के जीवन में निरंतर प्रगति, समृद्धि और खुशियों के रंग भरने का संकल्प लें।"

वहीं, पीएम मोदी ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, "आप सभी को होली की ढेरों शुभकामनाएं। हर्ष और उल्लास से भरा यह पावन-पर्व हर किसी के जीवन में नई उमंग और ऊर्जा का संचार करने के साथ ही देशवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ करे, यही कामना है।"

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आप सभी को होली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। रंगों का यह त्यौहार आपके जीवन में नई उमंग, नए उत्साह और ढेर सारी खुशियां ले कर आए।"

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर लिखा, "होली, विविधता का महोत्सव है। ये भय, द्वेष, ईर्ष्या, नफ़रत और भेदभाव को मिटाने का त्योहार है। होली हमें रंगो की विविधता का आनंद लेने के लिए प्रेरित करती है। सभी देशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाई।"

उन्होंने आगे कहा, "आइये हम अपने बहु-सांस्कृतिक समाज को जीवंत रंगों, एकजुटता व भाईचारे की भावना से भर दें और सौहार्द व सद्भाव का एक बार फिर प्रण लें।"

प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा, "रंग, उमंग, उत्साह, उल्लास, बंधुत्व, बराबरी और मेलजोल के महापर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं। होली खेलते हुए हर किसी को प्यार से गले लगाइए। अपने परिवार, समाज और हर देशवासी के साथ खुशियां बांटिए। आप सबके लिए होली शुभ हो!"