इंदौर में कपड़ा व्यापारी ने की आत्महत्या, भारी ब्याज और धमकियों से था परेशान

इंदौर में रेडिमेड कपड़ा व्यापारी महेंद्र जाधव ने सूदखोरों की प्रताड़ना से तंग आकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने एक वीडियो में कुछ लोगों पर भारी ब्याज वसूलने और धमकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Publish: Jul 19, 2025, 06:39 PM IST

Photo courtesy: DB
Photo courtesy: DB

इंदौर| शहर में रेडिमेड कपड़े के एक व्यापारी महेंद्र जाधव ने कर्ज और सूदखोरों की प्रताड़ना से तंग आकर जहर खा लिया। यह घटना शुक्रवार शाम की है जब महेंद्र ने घर से बाजार जाने का कहकर निकलने के बाद जिला अस्पताल के बाहर जहरीला पदार्थ खा लिया। अस्पताल में भर्ती होने के दौरान उसने बताया कि उसने जानबूझकर जहर खाया है। हालत बिगड़ने पर उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मरने से पहले महेंद्र ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने कुछ लोगों पर मानसिक रूप से परेशान करने और अत्यधिक ब्याज वसूलने का आरोप लगाया। वीडियो में उसने उन सभी लोगों के नाम लिए हैं जिनसे उसने उधार लिया था। पुलिस ने यह वीडियो जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढें: ग्वालियर में 70 फीसदी सरकारी शिक्षक लेंगे बीएलओ की ट्रेनिंग, स्कूलों पर लगेगा ताला

मृतक के भाई जितेन्द्र जाधव ने बताया कि महेंद्र ने आठ महीने पहले हेमंत वर्मा, आलोक जैन, जीतू चावला, उसकी गर्लफ्रेंड पूनम, अरविंद परमार और कमल नाम के लोगों से पैसे उधार लिए थे। वह किश्तों में पैसे चुका भी रहा था, लेकिन ये लोग उससे भारी ब्याज वसूलते रहे और उसे लगातार धमकियां दे रहे थे।

महेंद्र ने आत्महत्या से पहले पत्नी से कहा था कि वह शाम तक लौट आएगा, लेकिन परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली। परिजनों ने इस मामले में संबंधित सूदखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।