इंदौर-खंडवा रोड पर दो बसों में जोरदार भिडंत, 40 से ज्यादा यात्री घायल, 8 की हालत गंभीर, एक की मौत

इंदौर के सिमरोल थाना क्षेत्र के भेरू घाट में आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में 43 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें आठ की हालत गंभीर बनी हुई है।

Updated: Dec 15, 2022, 10:16 AM IST

इंदौर। इंदौर-खंडवा रोड पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां दो बसों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 40 से ज्यादा यात्री घायल हो गए, जबकि एक की मौके पर मौत हो गई। घायलों में 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामूली रूप से घायलों का महू के हॉस्पिटल में और गंभीर रूप से घायल लोगों का इंदौर के एमवाय अस्पताल में इलाज चल रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक गुरुवार सुबह इंदौर इछावर
रोड पर सिमरोल के बाइग्राम के पास एक वाहन को ओवरटेक करते समय दो बस आमने सामने भिड गई। इस भिड़ंत के बाद घायलों की रोने और चीखने की आवाज सुनाई दे रही थीं। बच्चे भी रोड पर रो रहे थे। बाईग्राम के पास मोड़ पर आर्य ट्रेवल्स की बस खंडवा से इंदौर जा रही थी। वहीं यादव ट्रेवल्स की बस इंदौर से खंडवा की ओर जा रही थी। आर्य ट्रेवल्स की बस ने मोड़ पर ओवरटेक किया और दोनों बसों की आमने सामने तेज भिड़ंत हो गई।

यह भी पढ़ें: मंदी से भारत भी अछूता नहीं रहेगा, 2023 मुश्किल भरा रहने वाला है: राहुल गांधी से बोले रघुराम राजन

यह भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि दोनों बस के आगे के हिस्से पूरी तरह से टूट गए। वहीं आर्य बस के ड्राइवर के दोनों पैर बस के अंदर फंस गए थे। उसे निकालने में क्रेन की मदद लेना पड़ी। बस में सवार 40 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। घटना की जानकारी लगते ही क्षेत्रीय ग्रामीण और पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को तुरंत 108 की मदद से कुछ को इलाज के लिए पास के महू के हॉस्पिटल भेजा। वहीं अधिक घायलों को इंदौर के एमवाय हॉस्पिटल भेजा गया। वहां घायलों का इलाज चल रहा है।

एमवाय अस्पताल के अधीक्षक पीएस ठाकुर के अनुसार इंदौर खंडवा रोड पर हुए एक्सीडेंट के बाद इलाज के लिए प्रारभिक तौर पर अभी करीब 43 घायलों को इलाज के भर्ती किया गया है। इनमें से आठ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने इस बात की जानकारी नहीं दी कि घायलों में कितने पुरुष, महिलाएं और बच्चे हैं।