कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या का मामला: पीड़ित परिवार से मिले पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, हर संभव मदद का दिलाया भरोसा

सलमान कांग्रेस पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता था। हम सलमान की शहादत कभी नहीं भूल पाएंगे। सलमान का परिवार मेरा परिवार है और इस परिवार को न्याय दिलाने की जिम्मेदारी हमारी है: दिग्विजय सिंह

Updated: Nov 18, 2023, 07:38 PM IST

खजुराहो। छतरपुर के राजनगर में कांग्रेस कार्यकर्ता सलमान खान की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह शनिवार को सलमान के परिजनों से मिलने खजुराहो पहुंचे। यहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और इस मुश्किल घड़ी में हर संभव मदद का भरोसा भी दिया।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह दोपहर करीब एक बजे खजुराहो पहुंचे। इस दौरान उनकी पत्नी अमृता राय भी उनके साथ थीं। वह मंजूरनगर कॉलोनी स्थित मृतक सलमान खान के घर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। सिंह ने इस दौरान कहा कि सलमान कांग्रेस पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता था। हम सलमान की शहादत कभी नहीं भूल पाएंगे। सलमान का परिवार मेरा परिवार है और इस परिवार को न्याय दिलाने की जिम्मेदारी हमारी है। सिंह ने पीड़ित परिवार को गोद लेकर समुचित मदद करने का ऐलान किया है। 

पूर्व सीएम ने पुलिस प्रशासन से सलमान खान हत्याकांड की उच्चस्तरीय जांच करने और आरोपी भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया की गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही इस बात को लेकर हैरानी भी जताया कि अबतक उन गाड़ियों की जब्ती नहीं हुई, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ता को कुचला गया। दिग्विजय सिंह के साथ राजनगर विधायक विक्रम सिंह नाती राजा, छतरपुर विधायक आलोक चतुर्वेदी और महाराजपुर विधायक नीरज दीक्षित समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें: 2018 के मुकाबले इस बार 60 सीटें ज्यादा लाएगी कांग्रेस, बंपर वोटिंग से उत्साहित पीसी शर्मा का बड़ा दावा

बता दें कि राजनगर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी और मौजूदा विधायक विक्रम सिंह नातीराजा के सामने उनके साथी सलमान खान की गाड़ी से कुचल कर हत्या कर दी गई थी। नाती राजा के मुताबिक भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया और उसके गुर्गों ने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया। इतना ही नहीं वे नाती राजा को भी कुचलकर मारना चाहते थे हालांकि वह दौड़कर गाड़ी में बैठ गए थे।

इस घटना के बाद पुलिस ने भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया सहित 20 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। हालांकि, पुलिस आरोपियों की धर पकड़ नहीं कर रही है और वे बेखौफ होकर इलाके में घूम रहे हैं। घटना के बाद एफआईआर भी पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के फोन करने के बाद दर्ज की गई थी। आरोपी भाजपा प्रत्याशी पार्टी अध्यक्ष वीडी शर्मा का करीबी है।