भोपाल में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, जवाहर चौक पर जुटी भारी भीड़, कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए तीन जगह बैरिकेडिंग
कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए सैंकड़ों की संख्या में पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस कांग्रेस नेताओं को रंगमहल चौराहे पर ही रोकने की तैयारी में है। यहां 100 मीटर के भीतर दो बैरिकेडिंग है।

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस आज शक्ति प्रदर्शन कर रही है। जवाहर चौक पर हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जुटान है है। थोड़ी ही देर में पीसीसी चीफ कमलनाथ यहां कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। कमलनाथ के संबोधन के बाद कार्यकर्ता राजभवन घेराव के लिए निकलेंगे।
कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए जवाहर चौक से लेकर रंगमहल चौराहे तक भारी संख्या में पुलिसबल की तैनाती की गई है। करीब 500 पुलिस के जवान रंगमहल चौराहे पर तैनात किए गए हैं। पुलिस कांग्रेस नेताओं को रंगमहल चौराहे पर ही रोकने की तैयारी में है। यहां राज्यपाल के नाम ज्ञापन एडीएम भोपाल को दिलाया जाएगा। रंगमहल चौराहे पर 100 मीटर के अंदर दो बैरिकेड लगाए गए हैं। पहला बैरिकेड टूटने पर पुलिस दूसरे पर सख्ती दिखाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जी के नेतृत्व में राजभवन घेराव के लिए भोपाल की सड़कों पर शिवराज सरकार के खिलाफ जनसैलाब उमड़ता ही जा रहा है।
— MP Congress (@INCMP) March 13, 2023
मिल रहा है साथ,
आ रहे हैं कमलनाथ। pic.twitter.com/qAMVTJKagj
पुलिस ने राजभवन के पहले ही रंगमहल चौराहा और फिर इसके आगे रोशनपुरा चौराहे पर बैरिकेड की है। रंगमहल के आगे एलआईसी के सामने अंतिम बैरिकडिंग की गई है। इसके अलावा कुछ रूट्स पर ट्रैफिक भी डायवर्ट किया गया है। मौके पर मौजूद एडिशनल डीसीपी श्रुतिकीर्ति सोमवंशी ने जवानों को निर्देश दिए हैं कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज नहीं करना है। उन्होंने बैरिकेड क्रॉस करने वालों को धक्का मारकर गिराने के निर्देश दिए हैं।
इस प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह शामिल नहीं हो रहे हैं। दरअसल, पार्टी के सभी सांसदों को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली बुलाया था। ऐसे में दिग्विजय सिंह, विवेक तंखा, राजमणि पटेल और नकूलनाथ दिल्ली में हैं। जवाहर चौक पर निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा भी पहुंचे हैं।