लोकसभा चुनाव के बाद से खाते में नहीं आ रहे पैसे, राजगढ़ में लाड़ली बहनों ने दी भूख हड़ताल की चेतावनी
सीएम मोहन यादव रक्षाबंधन के लिए लाडली बहनों को 250 रुपये ज्यादा देने की घोषणा कर रहे हैं। उधर, राजगढ़ जिले में महिलाओं के नाम योजना से काटे जाने की खबर है।
भोपाल। मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव सावन महीने में रक्षाबंधन के नाम पर लाडली बहनों को 250 रुपए ज्यादा देने का ऐलान कर चुके हैं। उधर, राजगढ़ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां लाडली बहना अभ्यर्थियों का कहना है कि लोकसभा चुनाव के बाद से उनके खाते में पैसे नहीं आ रहे हैं।
मंगलवार को सीएम यादव जब 250 रुपए अधिक दिए जाने की बात कर रहे थे उसी समय राजगढ़ में महिलाएं प्रदर्शन कर रहीं थीं। कई दर्जन महिलाएं राजगढ़ कलेक्टर के पास पहुंची और उन्होंने ज्ञापन सौंपा। महिलाओं को जिला कांग्रेस का भी साथ मिला है। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष रचना भार्गव भी राजगढ़ कलेक्टर कार्यालय पहुंची और कलेक्टर हर्ष दिक्षित से महिलाओं का नाम फिर से जोड़ने की अपील की।
रचना भार्गव ने बताया कि लोकसभा चुनाव के पहले तो महिलाओं के खाते में लाडली बहना का पैसा आ रहा था। लेकिन लोकसभा चुनाव के बाद पैसा आना बंद हो गया है। जिले के झरखेड़ा, ऊंचाखेड़ा, खुर्चनाकलां गांव की ये 65 महिलाएं हैं जिनके नाम पोर्टल से हटा दिए गए हैं। जिससे इन महिलाओं के खातों में लाडली की राशि चार महीने से नहीं आ रही है। इसके बाद से ही महिलाएं अधिकारियों के ऑफिसों के चक्कर लगा रही हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
रचना भार्गव ने राजगढ़ कलेक्टर को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 10 दिन के अंदर इन महिलाओं के नाम नहीं जोड़ा जाएगा तो सभी महिलाएं भूख हड़ताल पर बैठेंगी। मामले पर राजगढ़ कलेक्टर हर्ष दिक्षित ने कहा कि जब भी योजना से किसी पात्र का नाम कटता है तो एक ओटीपी आता है और महिलाओं का कहना है कि उनके पास कोई ओटीपी नहीं आया है। ऐसे में बिना ओटीपी के नाम नहीं कट सकता। योजना से नाम कटवाने के लिए पात्र को खुद आवेदन करना होता है, सरकार की ओर से नाम नहीं काटा जाता है। हम मामले की जांच करा रहे हैं।