BJP की बंपर जीत के बाद भी चुनाव हार गए MP के 12 मंत्री, केंद्रीय मंत्री और एक सांसद भी हारे चुनाव

चुनाव हारने वालों में 6 बार के विधायक नरोत्तम मिश्रा, 7 बार के विधायक गौरीशंकर बिसेन और कमल पटेल जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं। साथ ही सिंधिया समर्थक 3 मंत्रियों को भी हार का मुंह देखना पड़ा है।

Updated: Dec 04, 2023, 03:23 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को दो तिहाई बहुमत मिल गया है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, प्रदेश की 230 विधानसभा सीट में से बीजेपी के 163 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। वहीं, कांग्रेस 66 सीटों पर सिमटकर रह गई। चौंकाने वाली बात ये है कि इस प्रचंड जीत के बाद भी शिवराज कैबिनेट के 12 मंत्री चुनाव हार गए।

चुनाव हारने वालों में 6 बार के विधायक रहे नरोत्तम मिश्रा, 7 बार के विधायक रहे गौरीशंकर बिसेन और कृषि मंत्री कमल पटेल जैसे बड़े नाम शामिल हैं। साथ ही सिंधिया समर्थक 3 मंत्रियों को भी हार का मुंह देखना पड़ा है। इस चुनाव में शिवराज सरकार के 31 मंत्री मैदान में थे, लेकिन इनमें से केवल 19 को ही जीत हासिल हुई। 

ये 12 मंत्री हारे चुनाव

1 - दतिया से डॉ. नरोत्तम मिश्रा
2 - हरदा से कमल पटेल
3 - बमोरी से महेंद्र सिंह सिसौदिया
4 - बड़वानी से प्रेम सिंह पटेल
5 - अटेर से अरविंद सिंह भदौरिया
6 - बदनावर से राजवर्धन सिंह दत्तीगांव
7 - बालाघाट से गौरीशंकर बिसेन
8 - ग्वालियर ग्रामीण से भारत सिंह कुशवाह
9 - अमरपाटन से रामखेलावन पटेल
10 - पारसवाड़ा से राम किशारे नानो कांवरे
11 - पोहरी से सुरेश धाकड़
12 - खरगापुर से राहुल सिंह लोधी

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते और सतना सांसद गणेश सिंह भी चुनाव हार गए। सतना से सांसद गणेश सिंह को कांग्रेस प्रत्याशी सिद्धार्थ कुशवाह ने चार हजार से अधिक वोटों से ये चुनाव हराया। सर्वाधिक चौंकाने वाली हार केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते की हुई। निवास सीट पर फग्गन सिंह कुलस्ते को कांग्रेस प्रत्याशी चैन सिंह वरकड़े ने लगभग दस हजार वोटों से चुनाव हरा दिया है।