विजय हजारे ट्रॉफी में गूंजा वैभव सूर्यवंशी का बल्ला, 36 गेंदों में शतक ठोककर रचा इतिहास
बिहार के 14 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी में 36 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया। वे लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं।
रांची। भारतीय घरेलू क्रिकेट में एक नया इतिहास रच दिया गया है। बिहार के 14 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ महज 36 गेंदों में शतक जड़कर लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे कम उम्र में सेंचुरी लगाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक पारी के साथ वैभव ने पाकिस्तान के जहूर इलाही का 39 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। साथ ही उन्होंने साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और मिस्टर 360 के नाम से मशहूर एबी डिविलियर्स को एक खास मामले में भी पछाड़ दिया है।
यह मुकाबला रांची के JSCA ओवल ग्राउंड में खेला गया था। प्लेट ग्रुप के इस मैच में वैभव बिहार टीम के उप-कप्तान के रूप में मैदान में उतरे थे। उन्होंने 12वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया और इतिहास रच डाला। वैभव ने 84 गेंदों में 190 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी। इस दौरान उनके बल्ले से 16 चौके और 15 छक्के निकले थे।
यह भी पढ़ें:रील बनाने का जुनून बना जानलेवा, देवास में रेलवे ट्रैक पर वीडियो बना रहे दो युवकों की मौत
इस रिकॉर्ड के साथ वैभव लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह उपलब्धि पाकिस्तान के जहूर इलाही के नाम थी। उन्होंने साल 1986 में विल्स कप के दौरान 15 साल 209 दिन की उम्र में शतक लगाया था। वैभव ने यह कारनामा 14 साल 272 दिन की उम्र में कर दिखाया है।
तेज शतकों की सूची पर नजर डालें तो लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक का विश्व रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के जैक फ्रेजर-मैकगर्क के नाम दर्ज है। उन्होंने साल 2023 में साउथ ऑस्ट्रेलिया की ओर से सिर्फ 29 गेंदों में सेंचुरी ठोकी थी। वहीं, इस फेहरिस्त में साउथ अफ्रीका के महान बल्लेबाज एबी डिविलियर्स का नाम खास तौर पर उल्लेखनीय है। डिविलियर्स ने वेस्टइंडीज के खिलाफ महज 31 गेंदों में शतक लगाकर दुनिया को हैरान कर दिया था। उनकी यह पारी आज भी आक्रामक बल्लेबाजी का मानक मानी जाती है।
भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अनमोलप्रीत सिंह के नाम है। उन्होंने साल 2024 में पंजाब की ओर से अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 35 गेंदों में शतक जड़ा था। वैभव सूर्यवंशी ने 36 गेंदों में सेंचुरी ठोककर इस दिग्गज खिलाड़ियों की सूची में एंट्री कर ली है। इस विशिष्ट सूची में यूसुफ पठान (40 गेंद, 2010), उर्विल पटेल (41 गेंद, 2023) और अभिषेक शर्मा (42 गेंद, 2021) जैसे नाम भी शामिल हैं।
भारतीयों द्वारा सबसे तेज लिस्ट-ए शतक
35 गेंद - अनमोलप्रीत सिंह, पंजाब बनाम अरुणाचल प्रदेश, 2024
36 गेंद – वैभव सूर्यवंशी, बिहार बनाम अरुणाचल प्रदेश, 2025*
40 गेंद - यूसुफ़ पठान, बड़ौदा बनाम महाराष्ट्र, 2010
41 गेंद – उर्विल पटेल, गुजरात बनाम अरुणाचल प्रदेश, 2023
42 गेंद – अभिषेक शर्मा, पंजाब बनाम मध्य प्रदेश, 2021
यह भी पढ़ें:MP: हरदा से भोपाल जा रही बस नहर की पुलिया से टकराई, 22 यात्री घायल
लिस्ट-ए में सबसे तेज 150 रन बनाने वाले बल्लेबाज बने वैभव
वैभव की यह पारी सिर्फ शतक तक सीमित नहीं रही। उन्होंने सबसे तेज 150 रन बनाने के मामले में भी नया कीर्तिमान रच डाला है। अपनी तूफानी बल्लेबाजी के बदौलत उन्होंने पूर्व साउथ अफ्रीकी दिग्गज एबी डिविलियर्स और इंग्लैंड के जोस बटलर जैसे खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है।
54 गेंद – वैभव सूर्यवंशी – बिहार बनाम अरुणाचल प्रदेश, 2025-26
64 गेंद – एबी डिविलियर्स – दक्षिण अफ्रीका बनाम वेस्ट इंडीज – 2014/15
65 गेंद – जोस बटलर – इंग्लैंड बनाम नीदरलैंड्स – 2022
68 गेंद – मैथ्यू वेड – ऑस्ट्रेलिया ए बनाम डर्बीशायर – 2019
76 गेंद – जोस बटलर – इंग्लैंड बनाम वेस्ट इंडीज – 2018/19
यह भी पढ़ें:इंस्टाग्राम वाले बाबा के झांसे में आया सॉफ्टवेयर इंजीनियर, कुंडली दोष बताकर की लाखों की ठगी




