दिग्विजय सिंह के प्रयासों से इंदौर को मिला IIT–IIM, विधानसभा में कैलाश विजयवर्गीय ने की पूर्व CM की तारीफ
बीजेपी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि दिग्विजय सिंह का यह स्वभाव रहा है कि चाहे समर्थक हो या राजनीतिक विरोधी, यदि कोई सहायता के लिए उनके पास पहुँचे तो वे बिना भेदभाव मदद करते थे।
भोपाल। भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के 70 साल पूरे होने पर आयोजित विशेष सत्र में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का भाषण चर्चा में है। सदन में उन्होंने दलगत राजनीति से ऊपर उठते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की कार्यशैली, योगदान और राजनीतिक सौजन्यता की सराहना की। विजयवर्गीय ने कहा कि आज इंदौर में IIT और IIM की मौजूदगी दिग्विजय सिंह के विशेष प्रयासों का परिणाम है।
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने वक्तव्य के दौरान कहा कि वर्ष 1993 से 2003 तक मुख्यमंत्री के रूप में दिग्विजय सिंह के कार्यकाल में राज्य के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उन्होंने कहा कि संजय गांधी थर्मल पावर प्लांट, बांध सागर परियोजना को गति देना तथा कोलार जल परियोजना में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इंदौर में आईआईएम की स्थापना के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने विशेष प्रयास किए, जिनके परिणामस्वरूप बाद में इंदौर में आईआईएम और आईआईटी दोनों संस्थान स्थापित हुए। विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर देश का पहला ऐसा शहर है, जहाँ आईआईएम और आईआईटी दोनों मौजूद हैं, जिसमें अर्जुन सिंह, दिग्विजय सिंह तथा तत्कालीन नेतृत्व का बड़ा योगदान रहा।
जब विधानसभा के भीतर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दिग्विजय सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय अर्जुन सिंह के पक्ष में कसीदे पढ़े!
— THE POLITICAL ADDA (@P0LITICAL_ADDA) December 19, 2025
विधानसभा में अपने वक्तव्य के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि वर्ष 1993 से 2003 तक मुख्यमंत्री के रूप में दिग्विजय सिंह के कार्यकाल में राज्य में… pic.twitter.com/g5ryb6d1B0
विजयवर्गीय ने सदन में यह भी कहा कि राजनीतिक सौजन्यता और मानवीय संवेदनाओं का पाठ उन्होंने दिग्विजय सिंह से सीखा है। उन्होंने एक व्यक्तिगत प्रसंग साझा करते हुए बताया कि जब उनके जबलपुर के कार्यकर्ता ओमकार तिवारी को अचानक स्वास्थ्य संकट आया, तब दिग्विजय सिंह ने तत्काल हेलीकॉप्टर की व्यवस्था कर उन्हें दिल्ली भिजवाया।उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह का यह स्वभाव रहा है कि चाहे समर्थक हो या राजनीतिक विरोधी, यदि कोई सहायता के लिए उनके पास पहुँचे तो वे बिना भेदभाव मदद करते थे।
विजयवर्गीय का यह भाषण सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने वीडियो शेयर कर सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'बहुत-बहुत धन्यवाद “कलाकार” जी। आज के राजनैतिक प्रतिशोध के वातावरण में आपने जो मेरे बारे में कहा है वह आम राजनेता कभी भी नहीं कह सकता। उसके लिया साहस चाहिए और केवल खुले विचारों वाला व्यक्ति ही कह सकता है। काश आपकी और हमारी पार्टी में कुछ और लोग भी ऐसे होते। जय सिया राम।'




