MP के DGP ने मोबाइल-इंटरनेट को बताया रेप का कारण, कहा, हम अकेले इसे नहीं रोक सकते

मध्य प्रदेश डीजीपी कैलाश मकवाना ने रेप की घटनाओं के लिए इंटरनेट, मोबाइल पर अश्लीलता, शराब और सामाजिक नैतिकता में गिरावट को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि सिर्फ पुलिस के भरोसे इन अपराधों को रोकना संभव नहीं है।

Updated: Jun 29, 2025, 03:26 PM IST

Photo Courtesy: DB
Photo Courtesy: DB

उज्जैन| मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने कहा है कि बलात्कार की बढ़ती घटनाओं को केवल पुलिस के भरोसे रोकना संभव नहीं है। उन्होंने इसके पीछे समाज में नैतिकता की गिरावट, इंटरनेट और मोबाइल पर सहज रूप से उपलब्ध अश्लील सामग्री, शराब और पारिवारिक निगरानी की कमी जैसे कई कारणों को जिम्मेदार ठहराया है।

उज्जैन प्रवास के दौरान डीजीपी मकवाना ने महाकाल के दर्शन किए और पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण को लेकर बैठक की। मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि इंटरनेट के माध्यम से बचपन से ही अश्लीलता का संपर्क बच्चों के मन में विकृति पैदा कर रहा है, जिससे आपराधिक प्रवृत्ति बढ़ रही है।

यह भी पढ़ें: जीतू पटवारी पर FIR के विरोध में NSUI का प्रदर्शन, CM को कागज की तलवार देने जा रहे प्रदेश अध्यक्ष गिरफ्तार

उन्होंने कहा कि पहले माता-पिता और शिक्षकों की बातों में असर होता था और सामाजिक मर्यादाएं थीं, लेकिन आज सीमाएं टूट रही हैं। ऐसे में केवल पुलिस को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।

डीजीपी ने जानकारी दी कि पुलिस विभाग में जल्द ही 8,500 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होगी। नक्सली मोर्चे पर मिली सफलता का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 10 बड़े नक्सली मारे जा चुके हैं। इसके अलावा, डिजिटल अपराधों पर भी पुलिस ने सख्ती से कार्रवाई की है। उज्जैन प्रवास के दौरान उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में पौधारोपण भी किया।