CM: नर्मदापुरम में CM राइज स्कूल की बस पलटी, 4 छात्र समेत कुल 6 लोग घायल
नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर में शनिवार सुबह सीएम राइज स्कूल की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 4 छात्र, चालक और महिला कंडक्टर घायल हो गए।
नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर में शनिवार सुबह सीएम राइज संदीपनी स्कूल की बस हादसे का शिकार हो गई। ग्राम सूकरी और चुरका के बीच करीब 7:30 बजे मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय बस में चार विद्यार्थी सवार थे। दुर्घटना में सभी चार छात्रों के अलावा बस चालक और महिला कंडक्टर भी घायल हो गए। सभी 6 घायलों को डायल 112 की मदद से सोहागपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। फिलहाल उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल बस क्रमांक एमपी 04 पीए 2430 सुबह गांवों से विद्यार्थियों को लेने के लिए जंगल की तरफ जा रही थी। इसी दौरान सूकरी और चुरका के बीच एक मोड़ पर चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। वाहन सड़क से उतरकर पलट गया और एक पलटी खाने के बाद तिरछी अवस्था में रुक गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस की गति तेज थी। हालांकि, पुलिस ने अभी तेज रफ्तार को हादसे की वजह होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
यह भी पढ़ें:चीनी के बाद अब प्याज ने रुलाया, कई राज्यों में 80 रुपये किलो तक पहुंची कीमत
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने बस में फंसे विद्यार्थियों और अन्य घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को तत्काल सोहागपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे में सौरभ ठाकुर (13) और ऋषभ ठाकुर (14) घायल हुए हैं। दोनों ग्राम बंदीछोड़ निवासी हैं और उनके पिता का नाम संतोष ठाकुर है। इनके अलावा चारगांव निवासी मधु गुर्जर (14) पिता रामस्वरूप गुर्जर और रागिनी पाल (15) पिता ध्रुव कुमार पाल भी घायल हुई हैं। वहीं, करणापुर निवासी बस चालक तुलसी प्रसाद और सोहागपुर निवासी महिला कंडक्टर वर्षा सिंह को भी चोटें आई हैं। दोनों समेत सभी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया गया।
यह भी पढ़ें:FDA ने रद्द किया cipla का दवा बिक्री का लाइसेंस, 11.91 लाख रुपए का स्टॉक भी जब्त
सोहागपुर थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि सूकरी और चुरका के बीच स्कूल बस पलटने की सूचना मिली थी। हादसे में चार विद्यार्थी घायल हुए हैं और उन्हें मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।




