अहमदाबाद जा रही इंडिगो फ्लाइट की इंदौर में इमरजेंसी लैंडिंग, अचानक शुरू हुई थी यात्री के सीने में दर्द

यात्री की तबीयत बिगड़ने पर विमान को इंदौर एयरपोर्ट पर उतारने का निर्णय लिया गया। तुरंत एयरपोर्ट पर संपर्क करके इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी गई।

Updated: Mar 29, 2024, 12:15 PM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर गुरुवार को हड़कंप मच गया। मेडिकल एमरजेंसी के चलते पटना से अहमदाबाद जा रही इंडिगो फ्लाइट की यहां इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। दरअसल, फ्लाइट में सवार एक यात्री की तबियत खराब हो गई थी।

एयरपोर्ट प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार इंडिगो की यह उड़ान पटना से अहमदाबाद के लिए थी। विमान में सवार यात्री अभिषेक नाथ माथुर (29) ने केबिन क्रू को घबराहट और सीने में दर्द होने की जानकारी दी थी। इसकी सूचना तत्काल पायलट को दी गई।

प्राथमिक उपचार से लाभ नहीं होने पर विमान को इंदौर एयरपोर्ट पर उतारने का निर्णय लिया गया। पायलट ने इंदौर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। गुरुवार रात करीब 9 बजे इंदौर में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि लैंडिंग होते ही यात्री को तत्काल बाहर लाया गया और जांच के बाद नजदीक के बांठिया अस्पताल भेजा गया। वहीं, रात 9.30 बजे विमान को इंदौर से अहमदाबाद के लिए भी रवाना कर दिया गया था।

वहीं, बांठिया अस्पताल के संचालक अंशुल बांठिया ने बताया कि यात्री को घबराहट और चेस्ट में दर्द था। सभी जांच नार्मल आई है। उन्हें पहले से एसिडिटि की परेशानी थी। इलाज के बाद देर रात अस्पताल से रवाना कर दिया गया। उनकी तबीयत अब ठीक है।