अहमदाबाद विमान हादसे में 241 लोगों की हुई मौत, सिर्फ एक युवक जिंदा बचा
एअर इंडिया की उड़ान संख्या AI-171 शुक्रवार दोपहर अहमदाबाद से लंदन जा रही थी। इसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे। बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे।

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हुआ। इस हादसे में क्रू मेंबर्स सहित विमान पर सवार सभी 241 लोगों की मौत हो गई है। सिर्फ एक युवक जीवित बचा है। इससे पहले न्यूज एजेंसी AP ने गुजरात पुलिस कमिश्नर के हवाले से कहा था कि सभी यांत्रिकी की मौत हो गई। हालांकि, अब खबर आई है कि दो लोग जीवित बचे हैं।
एअर इंडिया की उड़ान संख्या AI-171 शुक्रवार दोपहर अहमदाबाद से लंदन जा रही थी। इसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे। बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे। विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी मौजूद थे। वह अपनी बेटी से मिलने लंदन जा रहे थे। इस भयावह हादसे में उनका भी निधन हो गया है। प्लेन की सीट नंबर 11-A पर बैठे हुए भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक रमेश विश्वास कुमार हादसे में जिंदा बच गए हैं। उनका वीडियो भी सामने आया है।
यह भी पढ़ें: अहमदाबाद प्लेन क्रैश में पूर्व CM रुपाणी का निधन, PM मोदी, सोनिया गांधी समेत इन नेताओं ने जताया हादसे पर दुख
यह प्लेन उड़ान भरने के तत्काल बाद जिस बिल्डिंग से टकराया, वहां अहमदाबाद के सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर्स रहते हैं। विमान सिविल हॉस्पिटल के हॉस्टल की 4 बिल्डिंग से टकराया था। जिनमें रेजिडेंट डॉक्टर रहते थे। घटना के दौरान हॉस्टल में 50 से 60 इंटर्न डॉक्टर्स मौजूद थे। ज्यादातर मेस में लंच कर रहे थे।
धमाके का असर इतना ज्यादा था कि अंदर मौजूद डॉक्टरों के शव भी टुकड़ों में बिखर गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां से छह शव निकाले जा चुके हैं। विमान में आग लगने से उठे धुएं से हॉस्टल की बिल्डिंग पूरी तरह काली पड़ गई है। हर तरफ सिर्फ मलबा पड़ा है। हॉस्टल खंडहर जैसा हो गया है। करीब 50 डॉक्टर्स घायल हुए हैं। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा इतना भयानक था कि बिल्डिंग में भी आग लग गई और आसपास खड़े कार भी जल गए। हादसे की जगह से मिले ज्यादातर शव इतनी बुरी तरह झुलस चुके हैं कि उनकी पहचान करने में बेहद मुश्किल आ रही है। उनकी पहचान DNA टेस्ट के बाद ही संभव होगी।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस हादसे पर दुख जताया है। कीर स्टार्मर ने संसद में कहा कि कई ब्रिटिश नागरिकों को लेकर लंदन आ रहे प्लेन के अहमदाबाद में क्रैश होने के कई विजुअल बहुत भयानक हैं। मुझे हर अपडेट के बारे में जानकारी दी जा रही है। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों के साथ हैं।