मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में नकली टीवी बांटने वाले सप्लायर ने लौटाए 1 करोड़ रूपए, तीसरा सप्लायर भागा विदेश

अफसरों ने 11 मार्च 2023 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और PWD मंत्री गोपाल भार्गव के हाथों जोड़ों को सेंसुई कंपनी के नाम से नकली TV गिफ्ट में बंटवा दी थी।

Updated: May 31, 2023, 07:07 PM IST

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत हुए विवाह समारोह में नकली LED TV सप्लाई करने वाले सप्लायर ने 1 करोड़ रुपए लौटा दिए हैं। दो सप्लायर को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया है, तीसरे सप्लायर की जानकारी मिली है कि वह USA फरार हो गया है। पुलिस की जांच जारी है। 

पूरा मामला सागर के गढ़ाकोटा है। यहां 11 मार्च को 2023 को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत नए जोड़ों की शादी करवाई जा रही थी। जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, PWD मंत्री गोपाल भार्गव समेत कई मंत्री कार्यक्रम में शामिल हुए थे, और गोपाल भार्गव के हाथों सेंसुई कंपनी के नाम से ये नकली TV गिफ्ट में बंटवा दी गई। बता दें कि गढ़ाकोटा PWD मंत्री गोपाल भार्गव का गृह जिला भी है।

जानकारी के अनुसार TV सप्लायर फर्म SRK इंटरप्राइजेज ने इस फर्जीवाड़े के खुलासे के बाद गढ़ाकोटा नगर पालिका को मंगलवार शाम 1 करोड़ रुपए लौटा दिए। यह फर्म प्रीति पति मुकेश साहू के नाम पर है। तो वहीं दो सप्लायर राधाकृष्ण रेस्टोरेंट के मालिक मुकेश साहू और उसे TV सप्लाई करने वाले दिल्ली के राजू गुप्ता को पुलिस पहले गिरफ्तार कर चुकी है।

असल में उपहार पाए अनेक जोड़ों ने कई बार शिकायत की थी कि उनका टीवी नहीं चल रहा है। इन शिकायतों के बाद जांच करायी गयी तो पता चला कि सेंसुई कंपनी का स्टिकर लगाकर 1850 नकली एलईडी टीवी नवविवाहित जोड़ों को बांट दी गयी। टीवी बार-बार बिगड़ने पर करोड़ों रुपए के इस फर्जीवाड़े का खुलासा अब जाकर हुआ है। जांच के बाद सेंसुई कंपनी की तरफ से बताया गया कि ये प्रोडक्ट नकली है। कंपनी ने कभी इस तरह की टीवी बनाया ही नहीं है। सिर्फ सेंसुइ का स्टिकर लगाकर डुप्लिकेट टीवी को इस तरह बांटने में इस्तेमाल किया गया। अब मामले का खुलासा होने के बाद हड़कंप मचा तो  राज्य सरकार ने पल्ला झाड़ते हुए ठेकेदार को कसूरवार ठहरा दिया।

गढ़ाकोटा CMO धनंजय गुमास्ता ने कहा कि TV खरीदी में नियमों का पालन किया गया है। ई-टेंडर हुआ था। इसके बाद वर्क ऑर्डर जारी हुआ। हमने जो भी भुगतान किया, वह सामाजिक न्याय विभाग को किया था। जिस फर्म ने TV सप्लाई की थी, उसने 1 करोड़ रुपए की राशि नगर पालिका के खाते में जमा कराई है।

SP अभिषेक तिवारी के अनुसार लोकल ब्रांड की टीवी बांटने के मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। स्थानीय सप्लायर और दिल्ली के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। पता चला है कि वह विदेश भाग चुका है, हम उसकी तलाश कर रहे है, मामले से जुड़े हर बिंदु पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।