नरेंद्र मोदी पहले 400 पार की बात करते थे, अब ये 150 पार की बात भी नहीं कर रहे हैं: राहुल गांधी

हमारी लड़ाई संविधान को बचाने की है। किसानों और गरीबों की रक्षा की है। पीएम ने 22 उद्योगपतियों के 16 लाख करोड़ रुपए माफ किए। आज 22 लोगों के पास जितना धन है, उतना भारत में 17 करोड़ लोगों के पास है। इतना अन्याय कभी नहीं हुआ: राहुल गांधी

Updated: May 13, 2024, 05:01 PM IST

रायबरेली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सोमवार को बहन प्रियंका गांधी के साथ रायबरेली के बछरावां पहुंचे। दोनों भाई-बहन जनसभा को संबोधित करने एक साथ मंच पर पहुंचे। इस दौरान राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी पहले '400 पार' की बात करते थे, अब ये 150 पार की बात भी नहीं कर रहे हैं। आप ये बात लिख लीजिए.. 4 जून को नरेंद्र मोदी इस देश के प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे।

राहुल गांधी ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि रायबरेली मेरी दोनों माताओं की कर्मभूमि है। एक सोनिया गांधी और दूसरी इंदिरा गांधी। इसलिए मैं यहां से चुनाव लडने आया हूं। राहुल ने आगे कहा, 'जो भी आपको आज तक मिला है, वो इस संविधान ने दिया है। इस किताब के बिना जनता की सरकार नहीं होगी। अडाणी-अंबानी की सरकार होगी। जो आपकी आज थोड़ी-सी रक्षा है, वो भी खत्म हो जाएगी। बस 2-3 लोगों की सरकार रह जाएगी। सरकारी नौकरी खत्म हो जाएगी। रिजर्वेशन खत्म हो जाएगा। सारे रास्ते बंद हो जाएंगे।'

राहुल गांधी ने कहा कि, 'हमारी लड़ाई संविधान को बचाने की है। किसानों और गरीबों की रक्षा की है। पीएम ने 22 उद्योगपतियों के 16 लाख करोड़ रुपए माफ किए। आज 22 लोगों के पास जितना धन है, उतना भारत में 17 करोड़ लोगों के पास है। इतना अन्याय कभी नहीं हुआ। किसानों से छीना, मजदूरों से छीना, गरीबों से छीना और उनको दे दिया।'

राहुल ने कहा, 'मीडिया ने कभी हमारे विकास के काम को नहीं दिखाता। मीडिया कभी सच नहीं दिखाता। किसी किसान-बेरोजगार का इंटरव्यू नहीं दिखाता। लेकिन अंबानी की शादी दिखाता है। 10 करोड़ की घड़ी, लाखों रुपए की ड्रेस दिखाता है। ये लोग हमारे नहीं, अडाणी-अंबानी-मोदी के हैं। पीएम अगर 22 लोगों के लिए काम कर सकते हैं, तो कांग्रेस पार्टी करोड़ों लोगों को लखपति बना सकती है। भारत में सारे गरीब परिवारों की लिस्ट बनेगी। यूपी से भी करोड़ों लोग होंगे। लिस्ट में से हर परिवार की एक महिला का नाम चुना जाएगा। उस महिला के अकाउंट में 1 लाख रुपए साल के अंदर जाएगा।'