कुएं में उतरे पिता-पुत्र की जहरीली गैस से मौत, बचाने गए बड़े बेटे की भी हालत गंभीर

दोनों पिता-पुत्र ख़राब हुई मोटर निकालने कुए में उतरे थे। ज़हरीली गैस से दोनों का दम घुटने लगा तो उन्हें बचाने के लिए उनका बड़ा बेटा भी कुएं में उतर गया। 

Publish: Aug 05, 2023, 02:40 PM IST

image courtesy- Patrika
image courtesy- Patrika

पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के लुधगवां गांव में जहरीली गैस से पिता-पुत्र की मौत हो गई। उन्हें बचाने गए दूसरे बेटे की हालत भी गंभीर है। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद कटनी के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतक पिता पुत्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने घटना के बाद कुएं को सील भी कर दिया है और आगे की जांच में जुट गयी है।

दरअसल, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे मृतक किसान मर्रू सिंह अपने दो बेटों के साथ खेत पर गए। दोनों बंद पड़ी मोटर निकालने के लिए कुएं में उतरे थे। तभी वो बेहोश होने लगे। उन्हें बचाने के लिए उनका बड़ा बेटा कल्याण भी कुएं में उतर गया, जहां तीनों का दम घुटने लगा। तीनों मदद के लिए आवाज लगाने लगे। आसपास मौजूद लोग आवाज सुनकर घटनास्थल पर पहुंचे तब तक तीनों बेहोश हो चुके थे।

मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस व परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर घटनास्थल पर पुलिस पहुंची और काफी मशक्कत से तीनों को बेहोशी की हालत में ही कुएं से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल शाहनगर अस्पताल भेजा गया जहां डॉक्टरों ने पिता और छोटे बेटे को मृत घोषित कर दिया। जबकि बड़े बेटे की हालत गंभीर है। अचानक हुए दो मौत से पूरे गांव में मातम पसर गया है।

घटना को लेकर पवई एसडीओपी सौरव रत्नाकर ने बताया कि हादसे के बाद कुएं को सील कर पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारी कुएं में बनी जहरीली गैस की जांच करा रहे हैं। कुएं की गहराई करीब 25 फीट है किसान ने पानी कम होने पर कुएं के अंदर ही बोरवेल लगा लिया था। किसान और उसका पुत्र बोरवेल की मोटर निकालने कुएं में उतरे थे उसी समय यह हादसा हुआ।