मुरैना में वर्चस्व की जंग में ताबड़तोड़ फायरिंग, महिला को लगी दो गोलियां

मुरैना में दो गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर हुई फायरिंग में एक महिला को दो गोलियां लगीं। घटना स्टेशन रोड थाना क्षेत्र की है। महिला की हालत गंभीर है, उसे ग्वालियर रेफर किया गया है। दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Updated: Aug 04, 2025, 03:32 PM IST

Photo Courtesy: DB
Photo Courtesy: DB

मुरैना| जिले में सोमवार सुबह वर्चस्व को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में छोटी लालौर रेलवे फाटक के पास दो गुटों के बीच जमकर फायरिंग हुई, जिसमें सुनीता जाटव (35) नाम की महिला को पीठ और सीने पर दो गोलियां लग गईं। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 11 राउंड फायरिंग हुई, जो लगभग 10 मिनट तक चलती रही। जानकारी के अनुसार इलाके में फूल सिंह जाटव और नवाब सिंह जाटव के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर तनाव बना हुआ है। पांच दिन पहले शराब पीने के दौरान दोनों परिवारों के युवकों के बीच कहासुनी हो गई थी। इसके बाद शनिवार और रविवार को भी बहस और झगड़े की घटनाएं सामने आईं।

सोमवार को फूल सिंह अपने परिजन सुनीता, नत्थी और राजू के साथ नवाब सिंह के घर शिकायत करने पहुंचे थे। तभी नवाब सिंह और उसके परिवार वालों ने मारपीट के बाद अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फायरिंग की, जिसमें सुनीता गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी है। वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। मुरैना सीएसपी दीपाली चंदोलिया ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।