MP के डिंडौरी में भीषण सड़क हादसा, यात्रियों से भरी पिकअप पलटने से 14 लोगों की मौत, 20 घायल

बताया जा रहा है कि हादसा बिछिया थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के तीन से चार बजे के बीच हुआ। मृतकों में 6 पुरुष और 8 महिलाएं शामिल हैं।

Updated: Feb 29, 2024, 08:48 AM IST

डिंडौरी। मध्य प्रदेश के डिंडौरी में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां यात्रियों से भरी एक पिकअप पलटने से 14 लोगों की मौत हो गई। वहीं, करीब 20 लोग घायल हैं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि हादसा बिछिया थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के तीन से चार बजे के बीच हुआ। हादसे के वक्त वाहन में लगभग 45 लोग सवार थे। मृतकों में 6 पुरुष और 8 महिलाएं शामिल हैं। हादसे के शिकार लोग एक गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम के मुताबिक ग्रामीण अमाही देवरी गांव से मंडला जिले के मसूर घुघरी गांव चौक के कार्यक्रम के लिए गए थे। लौटते समय पिकअप MP20 GB4146 अनियंत्रित होकर पलट गई और 20 फीट नीचे खेत में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर विकास मिश्रा, एसपी अखिल पटेल घायलों का हाल जानने शहपुरा अस्पताल पहुंचे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे को लेकर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा की है।साथ ही डिंडौरी जिला प्रशासन को घायलों का उचित इलाज कराने के निर्देश दिए हैं।