बालाघाट में आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत, बारिश से बचने वन विभाग के वॉच टॉवर पर चढ़े थे

बालाघाट में शुक्रवार दोपहर भीमोड़ी जलाशय के पास वाच टावर पर आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई। 3 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। ये सभी बारिश से बचने के लिए वहां खड़े थे।

Updated: Jun 26, 2026, 06:49 PM IST

बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। भीमोड़ी जलाशय के पास स्थित वन विभाग के वाच टावर पर बिजली गिरने से उसकी चपेट में आए दो किशोरों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि, तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल बैहर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, भीमोड़ी गांव निवासी 30 वर्षीय झामसिंह ताराम मछली पकड़ने के लिए जलाशय पहुंचे थे। वहीं, बिरवा गांव के 15 वर्षीय सतीश वल्के और 15 वर्षीय लक्की मेरावी घूमने के उद्देश्य से वहां आए थे। इसके अलावा अतरिया निवासी रायसिंह अर्मो और देवलाल टेकाम किसी काम से जलाशय क्षेत्र पहुंचे थे। जबकि, भीमोड़ी निवासी कचरी ताराम कपड़े धोने के लिए जलाशय किनारे गई थी।

यह भी पढ़ें:MP: सड़क की बदहाली के चलते नहीं पहुंची एंबुलेंस, खाट पर महिला ने दिया बच्चे को जन्म

दोपहर करीब एक से डेढ़ बजे के बीच मौसम अचानक बदल गया। तेज बारिश और गरज-चमक शुरू होने पर सभी लोग बचाव के लिए पास में बने वन विभाग के वाच टावर के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान टावर पर आकाशीय बिजली गिर गई। जिसकी वजह से वहां मौजूद सभी लोग उसकी चपेट में आ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में सतीश वल्के और लक्की मेरावी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, झामसिंह ताराम सहित चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। सभी को तत्काल बैहर अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान झामसिंह ताराम ने भी दम तोड़ दिया। रायसिंह अर्मो, देवलाल टेकाम और कचरी ताराम का इलाज अस्पताल में जारी है।

यह भी पढ़ें:राम मंदिर चढ़ावा चोरी: ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा ने सौंपा इस्तीफा, 8 आरोपी गिरफ्तार

बैहर थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भीमोड़ी जलाशय के समीप स्थित वन विभाग के वाच टावर पर आकाशीय बिजली गिरने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मानसून के दौरान प्रदेश में लगातार आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, ऊंचे ढांचों, टावरों और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने की अपील की है ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।