सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच, ट्रस्ट भंग हो, राम मंदिर चंदा चोरी मामले में कांग्रेस ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मंदिरों के न्यासों पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं और राजनीतिक उद्देश्यों के लिए चंदे और चढ़ावे का इस्तेमाल करना चाहते हैं।
अयोध्या। राम मंदिर चंदा चोरी मामले में बीजेपी और RSS की चौतरफा फजीहत हो रही है। इस घटना को लेकर देशभर में रामभक्तों में आक्रोश है। राम मंदिर से आभूषण और नगदी चोरी के मामले को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और मंदिर ट्रस्ट पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने शुक्रवार को दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि अब यह मामला केवल आरोपों तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकार खुद स्वीकार कर चुकी है कि मंदिर में चोरी हुई है। इस मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और कुछ लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है, इसलिए कांग्रेस द्वारा इस मुद्दे को उठाना किसी भी तरह से राजनीतिकरण नहीं कहा जा सकता।
राजीव शुक्ला ने कहा कि अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच कराई जाए। पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला ने श्रीराम राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भंग करने और उसके पुनर्गठन की भी मांग की। शुक्ला ने आरोप लगाया कि भगवान राम में आस्था रखने वाले लोगों, विशेषकर गांवों और गरीब तबकों से एकत्र किए गए चंदे का दुरुपयोग हुआ है और मामले में असली जिम्मेदार लोगों के बजाय छोटे कर्मचारियों को निशाना बनाया जा रहा है।
राजीव शुक्ला ने कहा कि यह जांच का विषय है कि क्या बड़े लोगों की मिलीभगत के बिना कोई छोटा कर्मचारी सीसीटीवी बंद कर इतनी बड़ी राशि की चोरी कर सकता है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मंदिर में नकद चढ़ावे को कम दिखाया जाता था और महिलाओं द्वारा चढ़ाए गए आभूषणों का समुचित रिकॉर्ड नहीं रखा गया। उन्होंने कहा कि यह लोगों की धार्मिक आस्था के साथ विश्वासघात है।
शुक्ला ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मंदिरों के न्यासों पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं और राजनीतिक उद्देश्यों के लिए चंदे और चढ़ावे का इस्तेमाल करना चाहते हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की जांच उच्चतम न्यायालय की निगरानी में कराई जाए और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस मामले में हस्तक्षेप कर सख्त कार्रवाई कराएं। शुक्ला ने यह भी मांग की कि राम मंदिर ट्रस्ट को भंग कर उसमें राजनीतिक व्यक्तियों के स्थान पर साधु-संतों और धार्मिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को शामिल किया जाए।
कांग्रेस ने कहा कि इस मामले में चंपत राय को बचाने कोशिश हो रही है, उनसे भी बड़े लोगों का हाथ इसमें है वहां तक भी जांच होनी चाहिए। राजीव शुक्ला ने कहा कि ये चोरी नहीं है ये डकैती है। राजीव शुक्ला ने कहा कि वोट और नोट मंदिर के जरिए लेने का काम नहीं चलेगा। बता दें कि राम मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद सभी नामजद आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
साथ ही मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉक्टर अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया है। दोनों ने ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास को इस्तीफा सौंपा। यह मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट ने विशेष जांच का अनुरोध किया था जिसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रकरण की जांच के लिए 13 जून को एसआईटी का गठन किया गया था। एसआईटी में लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, पुलिस महानिरीक्षक किरण एस और वित्त विभाग के विशेष सचिव नील रतन शामिल हैं।




