इंदौर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पदाधिकारियों के खिलाफ खोला मोर्चा, खून से अंगूठा लगाकर हाईकमान को भेजा पत्र

बीजेपी कार्यकर्ताओं ने खून से अंगूठा निशान लगाकर हाईकमान को चिट्‌ठी भेजी है, जिसमें उन्होंने अपने ही नोताओं के खिलाफ उपेक्षा के आरोप लगाए हैं।

Updated: Aug 17, 2023, 12:10 PM IST

इंदौर। विधानसभा चुनाव से पूर्व सत्ताधारी दल बीजेपी मुश्किलों से घिरी हुई है। एक ओर पार्टी के कई कद्दावर नेता कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अब कार्यकर्ताओं ने भी मोर्चा खोल दिया है। इंदौर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेताओं पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए हाईकमान को खून से अंगूठा लगाकर चिट्ठी भेजी है।

इंदौर में विधानसभा सीट नंबर 5 के BJP कार्यकर्ताओं ने बगावती तेवर अख्तियार कर लिया है। भाजपा के राजा कोठारी ने बताया कि उनके परिवार के लोग जनसंघ के समय से भाजपा के लिए काम कर रहे हैं और वह भी बीते कई सालों से भारतीय जनता पार्टी के लिए ईमानदारी से काम कर रहे हैं। उनके जैसे कई कार्यकर्ता हैं जो बूथ स्तर पर मेहनत करते हैं। लेकिन विधायक महेंद्र हडिया सहित विधानसभा क्षेत्र 5 के कई नेताओं द्वारा कार्यकर्ताओं की लंबे समय से अपेक्षा की जा रही है।

कोठारी के मुताबिक पार्टी नेता क्षेत्र के पुराने कार्यकर्ताओं से न तो जानकारी लेते हैं, न ही उन्हें कुछ जानकारी देते हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं की लगातार अनदेखी हो रही है और इससे वह नाराज होकर घर बैठ चुके हैं। 2 से 3 महीने बाद प्रदेश में विधानसभा चुनाव होना है। अगर ऐसा ही चलता रहा तो इस बार विधानसभा सीट नंबर 5 जीत पाना मुश्किल हो जाएगा।

भाजपा बूथ शक्ति केंद्र क्रमांक 5 के अध्यक्ष राजा कोठारी के सरदार वल्लभ भाई पटेल मंडल के पिछड़ा मोर्चा महामंत्री आकाश राठौर, उपाध्यक्ष अश्विन उज्जैकर और किसान मोर्चा के नगर कार्यकारिणी सदस्य राजेश जोशी आदि ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा, मध्यप्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, केंद्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश वियजवर्गीय, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा सहित मप्र संगठन मंत्री हितानंद शर्मा को यह पत्र लिखा है।