सत्ता के अहंकार में भाजपा लोगों को उजाड़ रही, सुरखी में घर गिराए जाने पर प्रियंका गांधी का हमला

सत्ता के अहंकार में भाजपा यह भूल गई है कि सरकार का काम लोगों को उजाड़ना नहीं, बल्कि बसाना है: प्रियंका गांधी

Updated: Jun 24, 2023, 01:07 PM IST

सागर। सागर जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र के रेपुरा गांव में दलित समाज के लोगों के घर तोड़े जाने के बाद शिवराज सरकार घिरी हुई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इस पूरे घटनाक्रम को लीक राज्य सरकार की आलोचना की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि सत्ता के अहंकार में भाजपा यह भूल गई है कि सरकार का काम लोगों को उजाड़ना नहीं, बल्कि बसाना है।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, 'मध्य प्रदेश में दलितों पर भाजपा सरकार का अत्याचार चरम पर है। सागर जिले में 10 दलित परिवारों के घर ढहा दिये गए। जो परिवार मजदूरी करने गए थे, बिना कोई सूचना दिए उनकी सारी गृहस्थी तहस-नहस कर दी। पीएम आवास योजना के तहत बने घर भी ढहा दिए।'

प्रियंका गांधी ने आगे लिखा, 'सत्ता के अहंकार में भाजपा यह भूल गई है कि सरकार का काम लोगों को उजाड़ना नहीं, बल्कि बसाना है। दलितों, आदिवासियों और गरीबों पर अत्याचार करने वाली भाजपा सरकार को मध्य प्रदेश की जनता सबक सिखाएगी।'

बता दें कि, सागर जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रेपुरा गांव में वन विभाग की टीम ने बुधवार को दलित समुदाय के लोगों के 10 से ज्यादा मकानों पर बुलडोजर चला दिया था। घटना की जानकारी मिलते ही गुरुवार दोपहर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान वे पीड़ितों के साथ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए थे। सिंह ने अल्टीमेटम दिया कि जबतक पीड़ितों को न्याय नहीं मिलता वे धरने से नहीं उठेंगे।

सिंह का धरना शुरू होने के बाद शिवराज सरकार बैकफुट पर आई और पीड़ितों को प्लॉट देने और प्लॉट पर मकान बनाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना से राशि मुहैया कराने की मांग पर राजी हुई।