मुख्यमंत्री शिवराज ने महिला सफाईकर्मियों के साथ लगाया झाड़ू, समस्याएं दूर करने का किया वादा

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सीएम ने नेहरू नगर में सफाई कर्मियों के साथ लगाया झाडू, आज सीएम की सुरक्षा और वाहन चालक ड्यूटी में तैनात हैं महिलाएं

Updated: Mar 08, 2021, 07:44 AM IST

Photo courtesy: twitter
Photo courtesy: twitter

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के नेहरू नगर में महिला सफाई कर्मियों के साथ झाड़ू लगाया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर शिवराज सिंह महिला सफाई कर्मियों का हौसला बढ़ाने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने चाय पर चर्चा भी की। मुख्यमंत्री ने महिला दिवस पर महिलाओं के साथ दिन की शुरुआत करके खुशी जताई। उन्होंने कहा कि महिला दिवस की शुरुआत उन्होंने सफाई कामगार बहनों के साथ सफाई करके शुरू की। मुख्यमंत्री का  कहना है कि शहर को साफ रखने वाली बहनों को उचित सम्मान मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री ने ऐसे समाज निर्माण की जरूरत पर बल दिया जहां बहन, बेटियों को बराबरी का मौका मिल सके। 

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौक पर आज मुख्यमंत्री की सुरक्षा और उनके वाहन चालक की जिम्मेदारी महिलाओं के हाथ में है। जब सीएम सफाई करने पहुंचे उस दौरान उनकी ड्यूटी में तैनात ड्राइवर, सुरक्षा अधिकारी मौजूद थीं। सीएम ने कहा कि कई बार पुरुषों में अकड़ रहती है कि मैं श्रेष्ठ हूं। यह अकड़ बहनों को पीछे रखती हैं। उस अकड़ को निकालना है। बहनें सब कर सकती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा आज महिलाएं अंतरिक्ष तक जा रही हैं। 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने सफाईकर्मी महिलाओं से उनकी समस्याएं सुनीं। सफाईकर्मियों ने बताया कि उनकी ड्यूटी का समय तय नहीं होता, आने का फिक्स टाइम है पर वापस जाने का कोई समय नहीं है। पहले तो मुख्यमंत्री ने इसे विभागीय मामला बताया फिर उन्हें आश्वासन  दिया कि उनके हित और कल्याण के लिए जो भी करना पड़ेगा वे जरूर करेंगे।

इससे पहले सीएम शिवराज ने अपनी सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात महिला ड्राइवर, महिला पीएसओ, महिला एसडीएम से भी बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं किसी से कम नहीं हैं। बहनें स्वच्छता की अलख जगाने से लेकर अंतरिक्ष तक अपनी सफलता का परचम फहरा रही हैं। महिलाओं के बिना यह संसार नहीं चल सकता है।