Rajgarh: पहले पति ने निर्वस्त्र कर पीटा, घर के बाहर बांधा

Jhagda Pratha: राजगढ़ के खिलचीपुर में झगड़ा प्रथा की रकम नहीं देने पर पहले पति ने पूर्व पत्नी से की हैवानियत

Updated: Aug 31, 2020, 10:15 PM IST

राजगढ़। खिलचीपुर थाना इलाके के खाती का पुरा गांव में एक महिला के साथ अमानवीय व्यवहार करने का मामला सामने आया है। महिला के पहले पति ने अपनी पूर्व पत्नी को झगड़ा प्रथा की रकम नहीं चुकाने पर जमकर पीटा। इतना ही नहीं आरोपी पति ने महिला को निर्वस्त्र करके गांव की गलियों में घुमाया और घर के बाहर खंभे में बांध दिया। वहां पर भी आरोपी ने महिला को कोड़े और लाठियों से पीटा।

आरोपी पूर्व पति के साथ उसके चार साथी भी इस करतूत में शामिल थे। ग्रामीणों की सूचना पर डायल-100 की टीम पहुंची और महिला को उसके हैवान पति और साथियों के चंगुल से छुड़वाया। पुलिस के आते ही आरोपी भाग खड़ा हुआ। पुलिस आरोपी और उसके साथियों की तलाश कर रही है। पीड़िता ने बताया की वह मिन्नतें करती रही, चिल्लाती रही लेकिन उसके पहले पति ने एक ना सुनीं। दर्द से तड़पती महिला कई बार बेहोश भी हो गई लेकिन आरोपी नहीं पसीजे। आखिरकार डायल-100 ने महिला को दरिंदों के चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल में भर्ती करवाया।  

महिला के साथ मारपीट की ये दिलदहला देने वाली घटना दरअसल उस झगड़ा प्रथा के कारण हुई है जिसके तहत उसे पहले पति को 12 लाख रुपए झगड़ा देना तय हुआ था। महिला के मुताबिक आरोपी पति उसके साथ मारपीट करता था इसलिए उसने करीब दो साल पहले ही उसका घर छोड़ दिया था। और फिर गांव के ही एक दूसरे युवक के साथ रहने लगी थी। इस शादी के बदले महिला को उसके पहले पति को 12 लाख का झगड़े की रकम देना भी तय हुआ था। जब महिला और उसके दूसरे पति ने झगड़ा प्रथा के बंद होने का हवाला दिया तो आरोपी ने महिला और उसके पति को पीटा।

राजगढ़ में झगड़ा प्रथा

महिला के साथ हुई हैवानियत के बाद पुलिस ने कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं महिला की सामूहिक पिटाई में आरोपी के रिश्तेदार भी शामिल थे उन पर भी केस दर्ज किया गया है। इस घटना की जानकारी मिलने पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने इसकी कड़ी निंदा की है। उनका कहना है कि इस मामले के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।  

जानलेवा है झगड़ा प्रथा

दरअसल इस इलाके में ‘झगड़ा’ किसी भी रिश्ते से छुटकारा पाने के लिए दी जाने वाली रकम है। दरअसल इन इलाकों में बच्चों की शादी माता-पिता अपनी पसंद से बचपन में ही कर देते हैं। लेकिन जब लड़का-लड़की समझदार होते हैं, तब वे कई बार एक-दूसरे को पसंद नहीं करते। ज्यादातर मामलों में लड़का ही लड़की को छोड़ देता है, या फिर लड़की से छुटकारा पाने के लिए उसे पीटता है। उससे विवाद कर प्रताड़ित करता है।

कई बार ऐसा भी होता है कि लड़की खुद अपने बचपन के पति के साथ नहीं रहना चाहती। उसे छोड़कर किसी अन्य से अपनी पसंद से शादी कर लेती है। या फिर मायके आकर रहने लगती है। जिसके बाद लड़के वाले लड़की के नए पति या फिर मायके वालों से लड़की पर होने वाले खर्च और शादी के दौरान किए गए खर्चे का हर्जाना वसूलते हैं। जो कि कई गुना होता है। इस राशि को पाने के लिए पहला पति हर तरह के हथकंड़े अपनाता है। पहला पति झगड़ा की राशि वसूलने के बाद खुद भी दूसरी शादी कर लेता है। यह एक कुप्रथा है, जिस पर रोक लगने के बाद भी लोग बाज नहीं आ रहे हैं।