जूनियर सिंधिया की MPCA में एंट्री, दादा और पिता ने भी क्रिकेट पिच से ही सियासत में रखा था कदम

ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन सिंधिया को एमपीसीए का सदस्य बनाया गया है, आठ महीने पहले ही उन्हें जीडीसीए का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

Updated: Dec 11, 2022, 04:16 AM IST

ग्वालियर। केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के महाआर्यमन सिंधिया तेजी से राजनीति की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। GDCA के बाद जूनियर सिंधिया की अब MPCA में एंट्री हो चुकी है। आर्यमन को मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन का सदस्य बनाया गया है। 8 महीने पहले ही वह GDCA के उपाध्यक्ष पद से नवाजे गए थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक शनिवार को इंदौर में एमपीसीए बोर्ड ऑफ मेंबर की बैठक हुई थी। बैठक में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद थे। इसी दौरान महाआर्यमन सिंधिया को सदस्य नियुक्त करने का निर्णय लिया गया।  बैठक में महा आर्यमन के अलावा 6 नए सदस्य बनाए गए हैं। इस दौरान एसोसिएशन की पूर्व कार्यकारिणी को ही आगे भी बनाए रखने का फैसला लिया गया है। 

यह भी पढ़ें: सुखविंदर सिंह सुक्खू होंगे हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री, मुकेश अग्निहोत्री होंगे डिप्टी सीएम, शपथग्रहण आज

बताया जा रहा है कि मौजूद अध्यक्ष अभिलाष खांडेकर ही MPCA के अध्यक्ष बने रहेंगे। महाआर्यमन के अलावा जो छह नए सदस्य बनाए गए हैं उनमें अजय द्विवेदी, संजय सोडानी, क्रिकेट कोटे से देवांग कपाड़िया, सिन धोलपुरे और महिला कोटे से उन्मुख तारे के नाम को मंजूरी दी गई है।

बहरहाल सर्वाधिक चर्चा सदस्य के तौर पर महाआर्यमन की एंट्री को लेकर हो रही है। GDCA से MPCA का रास्ता उन्होंने कुछ ही महीनों में पार कर लिया है। अब राजनीति के जानकार मान रहे हैं कि जूनियर सिंधिया की सियासत में एन्ट्री कभी भी हो सकती है। क्योंकि क्रिकेट की पिच से ही उनके दादा स्व. माधवराव सिंधिया, पिता केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी क्रिकेट सियासत के मैदान में एन्ट्री की थी।