सुखविंदर सिंह सुक्खू होंगे हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री, मुकेश अग्निहोत्री होंगे डिप्टी सीएम, शपथग्रहण आज

शनिवार शाम कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम का ऐलान कर दिया गया। जबकि प्रतिभा सिंह के खेमे से मुकेश अग्निहोत्री को डिप्टी सीएम बनाया गया है।

Updated: Dec 11, 2022, 04:17 AM IST

शिमला। हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हो गई। सुखविंदर सिंह सुक्खू राज्य के नए सीएम होंगे। शनिवार शाम कांग्रेस विधायक दल की बैठक में उनके नाम का ऐलान कर दिया गया। पार्टी ने मुकेश अग्निहोत्री को राज्य का डिप्टी सीएम बनाने का फैसला किया है। कल वे दोनों पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।

राज्य के नए सीएम के तौर पर अपने नाम की घोषणा के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मैं और उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री एक टीम की तरह का काम करेंगे। मैंने 17 वर्ष की उम्र से राजनीति शुरू की थी। कांग्रेस पार्टी ने मेरे लिए जो कुछ किया है वो जीवन भर नहीं भूल सकता हूं।

सुखविंदर सिंह सुक्खू से पहले हिमाचल कांग्रेस की मौजूदा अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह का नाम सीएम की रेस में सबसे आगे बताया जा रहा था। लेकिन शनिवार दोपहर तक ये साफ हो गया था कि प्रतिभा सिंह अब इस रेस से बाहर हो चुकी हैं। वहीं विधायक दल की बैठक के दौरान सुखविंदर सिंह के नाम पर मुहर लगी।

यह भी पढ़ें: MP में कांग्रेस सरकार बनते ही सभी किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा, कमलनाथ का बड़ा ऐलान

सुखविंदर सिंह ने राज्यपाल के पास जाकर सरकार बनाने का दावा कर दिया है। राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश करते वक्त सुखविंदर सुक्खू के साथ हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला और ऑब्जर्वर छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्‌डा भी मौजूद थे।

बेहद सामान्य परिवार में जन्मे सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में एनएसयूआई से छात्र राजनीति शुरू की थी। वे एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी बने। उनके पिता रशिल सिंह के HRTC बस के ड्राइवर थे। जिनके पिता के हाथ में बस का स्टीयरिंग हुआ करता था, आज पुत्र सुखविंदर सिंह सुक्खू के हाथ में हिमाचल प्रदेश की सियासत का स्टीयरिंग आ गया है। संघर्ष भरे जीवन से उठे सुखविंदर सिंह सुक्खू आम आदमी का दु:ख जानते हैं इसलिए लोग भी उम्मीद कर रहे हैं कि सुक्खू सत्ता का स्टीयरिंग लोगों के हित की दिशा में मोड़ेंगे।