इंदौर में कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने किया रुद्राभिषेक, संजय शुक्ला ने हनुमान प्रतिमा और गदा भेंट की

दोनों पूर्व मुख्यमंत्री कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला द्वारा आयोजित भगवान भोलेनाथ के महारुद्राभिषेक में शामिल हुए। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें हनुमान प्रतिमा और गदा भेंट की।

Updated: Jul 30, 2023, 11:17 AM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में आज सियासी दिग्गजों का जमावड़ा है। कांग्रेस के दोनों पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह इंदौर में हैं। कांग्रेस नेताओं ने रुद्राभिषेक के साथ अपने कार्यक्रमों की शुरुआत की। इसके बाद वे महिला कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।

कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला द्वारा बाणगंगा स्थित बाणेश्वर धाम में भगवान भोलेनाथ का महारुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें दोनों पूर्व सीएम शामिल हुए। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कमलनाथ और दिग्विजय सिंह को हनुमान प्रतिमा और गदा भेंट की।

इसके बाद इंदौर शहर महिला कांग्रेस द्वारा आयोजित महिलाओं के प्रति दृष्टिकोण में बदलाव की अहमियत कार्यक्रम को संबोधित करने पहुंचे। यहां कमलनाथ, दिग्विजयसिंह और कन्हैया कुमार महिलाओं के सवाल के जवाब दे रहे हैं। स्किल और ट्रेनिंग के सवाल पर महिला के सवाल का जवाब देते हुए कमलनाथ ने कहा कि जब भी मौका मिले, हमारे छिंदवाड़ा के मॉडल को देखने आइएगा। वह देश में एक मॉडल है जहां स्किल डेवलपमेंट और ट्रेनिंग पर सबसे अच्छा काम होता है।

इस कार्यक्रम के बाद कमलनाथ, दिग्विजयसिंह और कन्हैया कुमार आदिवासी युवा महापंचायत को भी संबोधित करेंगे। दिग्विजय सिंह देर शाम प्रोफेशनल कांग्रेस कमेटी के कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे। इसी बीच दोपहर दो बजे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी इंदौर पहुंचेंगे।