धार नगर पालिका के इंजीनियर के यहां लोकायुक्त का छापा, 44 तोला सोना, एक किलो चांदी मिली,

धार के भ्रष्ट इंजीनियर ने 20 साल की नौकरी में जोड़ी आय से 112 प्रतिशत अधिक संपत्ति, बैंकों और म्यूचुअल फंड निवेश के मिले दस्तावेज, परिजनों के नाम पर 15 जमीनों और तीन मकानों की रजिस्ट्री का खुलासा

Updated: Jul 17, 2021, 06:57 AM IST

Photo Courtesy: Naidunia
Photo Courtesy: Naidunia

धार। मध्य प्रदेश में अब भ्रष्ट अफसरों की खैर नहीं, लोकायुक्त पुलिस इनदिनों करप्ट अफसरों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। ग्वालियर, रीवा के बाद अब धार नगर पालिका के अधीक्षण यंत्री के यहां शनिवार सुबह लोकायुक्त ने छापा मार कार्रवाई की। इंजीनियर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिली थी। अब तक इंजीनियर डीके जैन के धार और इंदौर स्थित तीन ठिकानों से 44 तोला सोना और 1 किलो चांदी मिली है। इंजीनियर के धार वाले सरकारी मकान और इंदौर के घर से 15 से ज्यादा जमीनों और मकानों की रजिस्ट्री मिली है।

डीके जैन के धार में दो और इंदौर में एक बडा मकान है। वहीं मांडव में 13 बीघा जमीन मिली है। पत्नी और बेटे समेत कुल 13 बैंक को खाते मिले हैं। लोकायुक्त पुलिस के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार धार और इंदौर में एक साथ रेड डाली गई है। कई बैंकों में लॉकर का खुलासा हुआ है। घर के लाकर से 44 तोला सोने की ज्वेलरी, बीमा पालिसी के पेपर्स, म्यूचुअल फंड निवेश से जुड़े कागजात मिले हैं। इंजीनियर करीब 20 साल से सरकारी सेवा में है, अपने कुल वेतन से करीब 112 प्रतिशत से ज्यादा की प्रॉपर्टी उसने अर्जित कर रखी है। जिसके बारे में शिकायत मिलने पर इंदौर लोकायुक्त ने छापा मार कार्रवाई की है।धार से पहले डीके जैन की पोस्टिंग राउ नगर पंचायत में थी।

धार के नगर पालिका इंजीनियर की ही तरह लोकायुक्त ने उमरिया के सहायक भू-सर्वेक्षण अधिकारी मुनेंद्र कुमार दुबे के यहां छापा मारा था। 14 जुलाई को लोकायुक्त ने मुनेंद्र दुबे के 4 ठिकानों पर दबिश दी थी।

और पढ़ें: काली कमाई के कुबेर, मप्र के अफसर के यहां मिला 80 लाख कैश, 1 किलो सोने की ईंट समेत 5 करोड़ से ज्यादा का खुलासा

जिसमें से रीवा स्थित मकान से एक किलो सोने की ईंट और 80 लाख कैश समेत 5 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति की खुलासा हुआ था। वहीं 23 लाख के एफडीआर के पेपर मिले थे। 

और पढ़ें: ग्वालियर में EOW का छापा, PWD के SDO के यहां से मिली 20 करोड़ की बेनामी संपत्ति

इससे पहले 9 जुलाई को ग्वालियर के PWD के SDO रवींद्र सिंह कुशवाह के ठिकानों पर EOW  छापा मारा था जहां से 20 करोड़ की संपत्ति का खुलासा किया गया था। SDO के घर से साढ़े तीन लाख से ज्यादा का कैश, 5 किलो चांदी और एक पाव सोना मिला था। ग्वालियर और भोपाल में कई दुकानों मकान और जमीन के पेपर्स मिले थे।