काली कमाई के कुबेर, मप्र के अफसर के यहां मिला 80 लाख कैश, 1 किलो सोने की ईंट समेत 5 करोड़ से ज्यादा का खुलासा

लोकायुक्त ने उमरिया के भ्रष्ट सहायक भू-सर्वेक्षण अधिकारी के 4 ठिकानों पर छापा मारा, अब तक करीब 5 करोड़ की संपत्ति का खुलासा, रीवा वाले घर से मिली एक किलो सोने की ईंट और 80 लाख रुपए कैश, 23 लाख की FD भी मिली

Updated: Jul 14, 2021, 01:35 PM IST

Photo Courtesy: Naidunia
Photo Courtesy: Naidunia

उमरिया। जिले के सहायक भू-सर्वेक्षण अधिकारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में लोकायुक्त ने छापा मार कार्रावई की है। उमरिया की मानपुर तहसील में तैनात सहायक भू-सर्वेक्षण अधिकारी मुनेंद्र कुमार दुबे के चार ठिकानों पर एक साथ लोकायुक्त पुलिस ने छापा मारा। आरोपी अफसर के रीवा स्थित छत्रपति नगर वाले घर से सोने की एक किलो की ईंट, बड़ी मात्रा में चांदी, 80 लाख रुपए नकद समेत 5 करोड़ की संपत्ति मिली है। वहीं विभिन्न बैंकों में किए गए 23 लाख के एफडीआर के पेपर मिले हैं। लोकायुक्त ने रीवा के साथ-साथ भोपाल, शहडोल और उमरिया में भी कार्रवाई की। बुधवार सुबह से कार्रवाई जारी है। अफसर के ठिकानों से मकानों और जमीनों के कागज, लग्जरी गाड़ियों के पेपर भी मिले हैं। रीवा में लोकायुक्त की 25 सदस्य टीम ने छापा मारा था।

दरअसल लंबे समये से रीवा लोकायुक्त पुलिस को मुनेंद्र कुमार दुबे के खिलाफ शिकायत मिल रही थी। शिकायत के सही पाए जाने पर लोकायुक्त ने छापामार कार्रवाई की है। लोकायुक्त पुलिस की चार टीमों ने सहायक भू-सर्वेक्षण अधिकारी के रीवा, उमरिया, भोपाल और शहडोल स्थित ठिकानों पर दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त ने उसके ठिकानों से मिले कागजातों की पड़ताल की। इनमें जमीन और मकानों की रजिस्ट्री और बैंकों के कागजात शामिल हैं। वहीं इसके अलावा रीवा वाले घर से 1 किलो की एक सोने की ईंट मिली है। अब तक इनके चार ठिकानों से करीब पांच करोड़ रुपये की अचल संपत्ति का खुलासा हो चुका है। अभी कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।

और पढ़ें: ग्वालियर में EOW का छापा, PWD के SDO के यहां से मिली 20 करोड़ की बेनामी संपत्ति

 प्रदेश में भ्रष्ट अफसरों पर लगातार कार्रावाई जारी है। पिछले सप्ताह ग्वालियर में PWD के SDO रवींद्र सिंह कुशवाह के ठिकानों पर EOW ने दबिश दी थी। जहां से करीब 20 करोड़ की संपत्ति का खुलासा हुआ था। SDO के घर से साढ़े तीन लाख से ज्यादा का कैश, 5 किलो चांदी और एक पाव सोना मिला था।  आरोपी अफसर के ग्वालियर और भोपाल में 3 मकान और कई बड़े प्लॉटों का खुलासा हुआ था। वहीं उसके विभिन्न बैंकों में लॉकर से भी बड़ी मात्रा में कैश, सोना-चांदी और जमीन के कागज मिले थे।