न्याय सत्याग्रह में ट्रैक्टर से पहुंचे जीतू-जयवर्धन, दिग्विजय सिंह ने सरकार को दी गिरफ्तार करने की चुनौती
अशोकनगर में दिग्विजय सिंह ने कहा कि हम यहां गिरफ्तारी देने आए हैं, सरकार में साहस है तो हमें गिरफ्तार करे। अब ये दबाव की राजनीति नहीं चलेगी। जेल भेजोगे तो जेल जाएंगे लेकिन आखिरी दम तक लड़ेंगे।

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस आज अशोकनगर में न्याय सत्याग्रह कर रही है। प्रदेशभर से नेता और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता यहां पार्टी अध्यक्ष जीतू पटवारी पर दर्ज एफआईआर के विरोध में गिरफ्तारी देने पहुंचे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मोहन यादव सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि यदि सरकार में हिम्मत है तो हमें गिरफ्तार करे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी व उपाध्यक्ष जयवर्धन सिंह ट्रैक्टर से पुरानी कृषि उपज मंडी स्थित सभास्थल तक पहुंचे। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी 100 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे। इससे पहले उन्हें गुना में रोका गया। यहां पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास चेकिंग की गई। पुलिस ने गाड़ियों के नंबर और इनमें सवार लोगों के नाम दर्ज किए। डिग्गी खोलकर तलाशी ली। इस पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पुलिस से कहा कि हम क्या बम, हथियार, मिसाइल लेकर जा रहे हैं? क्यों परेशान कर रहे हो?
यह भी पढे़ं: ग्वालियर में 18 लाख की लूट के आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, पुलिस के एक जवान को भी लगी गोली
सभा के मंच से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि आज पता चला है कि हम लोग यहां न आ पाए, इसलिए 8 जिले की पुलिस बुलाई गई है। इससे पहले सिंह ने पत्रकारों से कहा कि हम यहां गिरफ्तारी देने आए हैं, पुलिस हमें गिरफ्तार करे। सरकार में साहस है तो हमें गिरफ्तार करे। उन्होंने कहा भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा, 'अब ये दबाव की राजनीति नहीं चलेगी। जेल भेजोगे तो जेल जाएंगे। कितने दिनों तक जेल में रखोगे? ये कोई ब्रिटिश हुकूमत नहीं है, न ही ये राजतंत्र नहीं है कि राजा जो कहे वही सही। देश में लोकतंत्र है और बाबा साहब आंबेडकर का संविधान लागू है। हम सड़क से लेकर अदालत तक लड़ेंगे और आखिरी दम तक लड़ेंगे।'
वहीं, पार्टी उपाध्यक्ष जयवर्धन सिंह ने गजराज लोधी को लेकर मंच पर कसम खाई। उन्होंने कहा कि आज मंगलवार है। मैं बजरंगबली की कसम खाता हूं 24 तारीख से पहले जीतू पटवारी से गजराज लोधी व उनका परिवार का कोई सदस्य नहीं मिला।।उन्होंने पुलिस प्रशासन के बारे में कहा कि वह हमारे कार्यकर्ताओं नेताओं को रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे। शहर के चारों ओर बेरिकेडिंग की गई हैं। होटल, मैरिज गार्डन अधिग्रहण कर लिए। पेट्रोल पंप बंद कर दिए, लेकिन फिर भी भारी संख्या में लोग पहुंचे हैं।
बता दें कि अशोकनगर निवासी गजराज लोधी ने बीजेपी कार्यकर्ता पर मारपीट करने और मैला खिलाने का आरोप लगाया था। 25 जून को जीतू पटवारी ओरछा दौरे पर थे, तब युवक ने उनसे मिलकर इस मामले की शिकायत की थी। बाद में गजराज ने पटवारी पर बहकाकर बीजेपी कार्यकर्ता के खिलाफ शिकायत कराने का आरोप लगाया था। इसके बाद मुंगावली पुलिस ने पीसीसी चीफ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली थी। इसका विरोध करते हुए पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा था कि 7 जुलाई तक एफआईआर वापस नहीं ली जाती है तो 8 जुलाई को कांग्रेस मुंगावली थाने जाकर गिरफ्तारी देगी।