JEE MAINS 2026 का रिजल्ट जारी, इंदौर के रिद्धेश बने मध्य प्रदेश टॉपर

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने JEE Main 2026 सेशन-1 का रिजल्ट जारी कर दिया है। देशभर में 12 छात्रों ने 100 पर्सेंटाइल हासिल किए। जबकि, मध्यप्रदेश का कोई छात्र इस सूची में शामिल नहीं हुआ।

Updated: Feb 17, 2026, 12:05 PM IST

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने जेईई मेन 2026 के सेशन-1 का परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार देशभर के 12 छात्रों ने 100 पर्सेंटाइल हासिल कर ऑल इंडिया टॉपर्स की सूची में जगह बनाई लेकिन मध्यप्रदेश का कोई भी विद्यार्थी इस सूची में शामिल नहीं हो सका। प्रदेश स्तर पर इंदौर के रिद्धेश बेंडाले 99.992186 पर्सेंटाइल के साथ टॉपर रहे। जबकि, अनुष्का अग्रवाल ने 99.96 पर्सेंटाइल हासिल कर स्टेट गर्ल्स टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया।

रिजल्ट जारी होते ही प्रदेश में छात्रों और कोचिंग संस्थानों की नजरें अब जेईई मेन सेशन-2 पर टिक गई हैं। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि अगले प्रयास में मध्यप्रदेश के छात्र राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं और अपनी रैंक में सुधार सकते हैं।

इंदौर के रिद्धेश बेंडाले पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर चुके हैं। उन्होंने साल 2025 में पेरिस में आयोजित 55वें इंटरनेशनल फिजिक्स ओलम्पियाड में स्वर्ण पदक जीता था। उनकी इस उपलब्धि पर जुलाई में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी उन्हें बधाई दी थी। जेईई मेन के ताजा परिणाम में भी उन्होंने प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल कर अपनी शैक्षणिक निरंतरता बनाए रखी है।

देशभर में 100 पर्सेंटाइल प्राप्त करने वाले छात्रों में दिल्ली के श्रेयस मिश्रा, आंध्र प्रदेश के नरेंद्रबाबू गारी मथीथ और पसला मोहित, बिहार के शुभम कुमार, राजस्थान के कबीर छिल्लर, चिरंजीब कर और अर्णव गौतम, ओडिशा के भावेश पत्र, हरियाणा के अनय जैन, महाराष्ट्र के माधव विरडिया, गुजरात के पुरोहित निमय तथा तेलंगाना के विवान शरद महिश्वरी शामिल रहे।

इंदौर स्थित कोचिंग संस्थान कल्पवृक्ष की छात्रा अनुष्का अग्रवाल ने 99.96 पर्सेंटाइल हासिल कर प्रदेश की गर्ल्स टॉपर का स्थान प्राप्त किया। संस्थान के अनुसार इस साल उसके 91 विद्यार्थियों ने 99 प्रतिशत से अधिक स्कोर किया था जो मध्यप्रदेश के कोचिंग संस्थानों में सर्वाधिक बताया जा रहा है। पिछले 17 सालों से आईआईटी-जेईई की तैयारी कराने वाला यह संस्थान सात साल पहले मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET (UG) की तैयारी भी शुरू कर चुका है। संस्थान का दावा है कि अब तक 2950 से अधिक छात्रों का चयन आईआईटी में हो चुका है। जबकि, मेडिकल क्षेत्र में भी लगातार बेहतर परिणाम मिल रहे हैं। 

प्रदेश के प्रमुख परिणामों में अनुष्का अग्रवाल (99.96%), श्रेयांश जोशी (99.95%), गौतम भट्ट (99.94%), एकलव्य जाट (99.92%) और शार्विल शर्मा (99.91%) शामिल रहे। वहीं, इंदौर शहर के अन्य प्रमुख प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में पार्थ महेश्वरी (99.994666), अक्षय गोयल (99.965201), दक्ष जैन (99.9570252), जय लॉन्गवानी (99.9509519), अन्वेश गामी (99.9504702), भोमिक पवार (99.947179), अथर्वा देशमुख (99.9404891), यज्ञम पाटीदार (99.9392562), तोशिर जैन (99.919125), सुजल पटेल (99.9163694), शुभांग देशमुख (99.9123703), अर्नव सिसोदिया (99.9069593) और आलेख जैन (99.9056768) शामिल हैं।

एनटीए ने छात्रों के लिए स्कोरकार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया भी जारी कर दी है। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड की मदद से लॉगिन कर सकते हैं। कैप्चा भरने के बाद स्क्रीन पर स्कोरकार्ड उपलब्ध होगा जिसे डाउनलोड किया जा सकता है। अब छात्रों के पास सेशन-2 के रूप में एक और मौका है जहां बेहतर प्रदर्शन कर वे अपनी ऑल इंडिया रैंक सुधार सकते हैं और प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश की दौड़ को मजबूत बना सकते हैं।