चेक बाउंस केस में अभिनेता राजपाल यादव को बड़ी राहत, दिल्ली हाईकोर्ट से मिली अंतरिम जमानत

चेक बाउंस केस में तिहाड़ जेल में बंद राजपाल यादव को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। 1.5 करोड़ रुपये जमा करने पर उन्हें 18 मार्च तक अंतरिम जमानत मिल गई है।

Updated: Feb 16, 2026, 05:42 PM IST

नई दिल्ली। लंबे समय से चल रहे 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव को सोमवार को दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने उन्हें 18 मार्च तक अंतरिम जमानत दे दी है। कोर्ट ने साफ किया कि अगली सुनवाई के दिन उन्हें स्वयं उपस्थित होना होगा या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ना होगा। साथ ही अदालत ने यह भी कहा कि इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अदालत ने शर्त रखी कि अभिनेता को 1 लाख रुपये का निजी मुचलका और इतनी ही राशि की जमानत देनी होगी। साथ ही यदि उनका पासपोर्ट पहले से अदालत में जमा नहीं है तो उन्हें जमा कराना होगा और बिना अनुमति देश छोड़ने की इजाजत नहीं होगी। सुनवाई के दौरान उनके वकील ने बताया कि शिकायतकर्ता को 1.5 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा करा दिया गया है। कोर्ट ने कहा था कि यदि दोपहर तक डीडी जमा हो जाती है तो उन्हें तुरंत रिहा किया जाएगा। वहीं, ऐसा नहीं होने पर एक्टर को जमानत नहीं मिलेगी। हालांकि, डीडी जमा होने के बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हो गया। इससे पहले 75 लाख रुपये जमा किए जा चुके थे और शेष 1 करोड़ 75 लाख रुपये बाद में जमा कराए गए थे।

यह भी पढ़ें:इंदौर के MY हॉस्पिटल के 3 मुख्य गेट बंद होने से मरीज परेशान, हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से मांगा स्पष्टीकरण

गौरतलब है कि अभिनेता ने शाहजहांपुर में 19 फरवरी को होने वाली अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए जमानत याचिका दायर की थी। उनकी अंतरिम याचिका पर पहली सुनवाई 12 फरवरी को हुई थी। जिसे बाद में 16 फरवरी तक स्थगित कर दिया गया था। इससे पहले अतिरिक्त समय की मांग करने वाली उनकी याचिका खारिज होने के बाद उन्होंने 5 फरवरी को दिल्ली की तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया था।

अभिनेता की जमानत पर उनके भाई श्रीपाल यादव ने राहत जताते हुए कहा कि इससे बड़ी राहत की बात नहीं हो सकती क्योंकि पारिवारिक समारोह उनके बिना अधूरा रहता। इस मुश्किल समय में फिल्म इंडस्ट्री और राजनीतिक जगत की कई हस्तियां उनके समर्थन में सामने आई। अभिनेता सोनू सूद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि दुआओं और समर्थन की वजह से इंतजार लगभग खत्म हो गया है और वह हंसी जिसे दर्शक मिस कर रहे थे जल्द स्क्रीन पर लौटेगी। सोनू सूद ने पहले भी राजपाल यादव के समर्थन में आर्थिक मदद की बात कही थी और अपनी आगामी फिल्म में उन्हें भूमिका देने की घोषणा की थी।

यह भी पढ़ें:भिवाड़ी में केमिकल-पटाखा कारखाने में भीषण आग, 8 मजदूर जिंदा जले

जानकारी के मुताबिक, सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन और फिल्म निर्माता डेविड धवन ने भी उनसे संपर्क किया था। वहीं, गायक गुरु रंधावा, मीका सिंह और अनूप जलोटा ने सार्वजनिक रूप से मदद की घोषणा की थी। इसके अलावा राजनेता तेज प्रताप यादव ने 11 लाख रुपये की सहायता का ऐलान किया था। साथ ही संगीत निर्माता राव इंद्रजीत सिंह ने भी 1.11 करोड़ रुपये देने की बात कही थी। जबकि, फिरोजाबाद में तैनात एएसपी अनुज चौधरी ने 51 हजार रुपये की मदद की घोषणा की थी।

यह पूरा मामला साल 2010 से जुड़ा है। उस दौरान राजपाल यादव ने अपनी निर्देशित फिल्म अता-पता लापता के लिए मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से लगभग 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। 2012 में रिलीज हुई यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही थी। इसके चलते वह कर्ज की राशि समय पर नहीं चुका सके। भुगतान में देरी और कई चेक बाउंस होने के बाद उनके खिलाफ नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत मामला दर्ज किया गया। ब्याज बढ़ने के साथ बकाया राशि करीब 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।

यह भी पढ़ें:शिवपुरी में वकील की हत्या का विरोध, MP में आज न्यायालीन कार्य से अलग रहेंगे अधिवक्ता

साल 2018 में मजिस्ट्रेट अदालत ने उन्हें दोषी ठहराते हुए छह महीने की सजा सुनाई थी। इसके बाद उन्होंने ऊपरी अदालतों में अपील की जिससे गिरफ्तारी की प्रक्रिया में देरी होती रही। हालांकि, बार-बार अदालत के आदेशों का पालन न करने का हवाला देते हुए हाई कोर्ट ने सख्ती दिखाई और आत्मसमर्पण का आदेश दिया था।