MP By Election : बागियों को 300 करोड़ की ताकत

BJP विधायकों को पैसा नहीं लेकिन ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया समर्थक पूर्व विधायकों के क्षेत्र में विकास कार्यों को मंजूरी

Publish: Jun 25, 2020, 02:23 AM IST

एक तरफ Corona Lockdown की वजह से प्रदेश में में सारे काम ठप पड़े हैं। जहां केंद्र ने सांसद निधि दो साल के रोक दी है वहीं एमपी में विधायक निधि का उपयोग कोरोना से निपटने के कामों में किया जा रहा है। ऐसे में भाजपा विधायकों को अपने क्षेत्र में काम करने के लिए पैसा नहीं मिल रहा है। लेकिन सरकार ने कांग्रेस छोड़ कर आए बागी विधायकों के क्षेत्र में 310 करोड़ के काम स्‍वीकृत किए हैं। प्रदेश सरकार से ये ‘ताकत’ पा कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं को वोट मांगने में आसानी होगी।  

प्राप्‍त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश सरकार ने ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक 22 पूर्व विधायकों के विधानसभा क्षेत्रों में उप चुनाव की घोषणा के पहले 310 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों को मंजूरी दे दी है। इन कार्यों का प्रस्‍ताव वित्‍त विभाग के पास भेज दिया गया है। वित्‍त विभाग से बजट आवंटन के बाद इन नेताओं के क्षेत्रों में सड़क और पुल निर्माण जैसे कार्यों का भूमिपूजन उपचुनाव के पहले किया जा सकेगा।

सिंधिया समर्थक पूर्व विधायक लगातार बना रहे थे दवाब

बीजेपी में शामिल होने के बाद से ही ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक 22 पूर्व विधायकों को जीतने की चिंता सता रही है। वे बीजेपी की अंदरूनी असंतोष और जनता की नाराजगी को विकास कार्यों के सहारे छिपाना चाहते हैं। इसलिए वे सरकार से अपने इलाकों में विकास कार्य शुरू करने की मांग कर रहे थे। उप चुनाव में जीतने के लिए प्रचार के लिए विकास कार्यों की घोषणाएं की जाना हैं। इसके लिए मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह ने हर विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास प्लान मांगा था। पूर्व विधायकों ने सड़क और पुल निर्माण को लेकर प्रस्ताव दिए थे।

चौधरी को सबसे ज्‍यादा, इमरती को सबसे कम

भाजपा सरकार ने पूर्व मंंत्री डॉ.प्रभुराम चौधरी के क्षेत्र सांची के लिए सबसे ज्‍यादा 18.5 करोड़ के कामों को स्‍वीकृति दी है। गोविंद सिंह राजपूत के क्षेत्र के लिए सुरखी 17.3 करोड़ के काम मंजूर हुुए हैैं। जबकि पूर्व मंत्री इमरती देवी के क्षेत्र डबरा के लिए सबसे कम मात्र  3.67 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। 

बिसाहूलाल ने सबसे ज्‍यादा मांगें, प्रस्‍ताव अटका

बिसाहूलाल सिंह ने अपने विधानसभा क्षेत्र अनूपपुर के लिए सबसे अधिक 33 करोड़ रुपए का प्रस्ताव दिया था। इस पर मंजूरी बाकी है।

किस पूर्व विधायक के इलाके को कितनी राशि की मंजूर

पूर्व विधायक बृजेंद्र सिंह यादव के विधानसभा क्षेत्र मुंगावली के लिए 9.30 करोड़, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव के बदनावर विधानसभा क्षेत्र के लिए 15.55 करोड,जसवंत सिंह जाटव करैरा विधानसभा क्षेत्र के लिए 11.62 करोड़, महेंद्र सिंह सिसोदिया बमौरी विधानसभा क्षेत्र के लिए 8.65 करोड़, हरदीप सिंह डंग सुवासरा 13.75, मनोज चौधरी हाटपिपल्या 15.52 करोड़, सुरेश धाकड़ पोहरी विधानसभा क्षेत्र के लिए 14.58 करोड़,जजपाल सिंह जज्जी अशोक नगर 10.49 करोड़ कमलेश जाटव अंबाह 15.77 करोड़, प्रद्युम्न सिंह तोमर ग्वालियर 16.34 करोड़, मुन्नालाल गोयल ग्वालियर 11.7 करोड़, रणवीर जाटव गोहद 13.59 करोड़,ओपीएस भदोरिया मेहगांव 13.71 करोड़, एंदल सिंह कंसाना सुमावली 17.56 करोड़, गिरिराज दंडोतिया दिमनी 15.42 करोड़, रघुराज सिंह कंसाना मुरैना 11.16 करोड़, तुलसी सिलावट सांवेर 8.33 करोड़, और रक्षा सिरोनिया के भांडेर विधानसभा क्षेत्र के लिए 15.23 करोड़ की मंजूरी मिली है।