धार: मंदिर में दलितों की एंट्री पर रोक, जागीरदार ने मंदिर के बाहर लगाया फ्लेक्स, FIR दर्ज

कुक्षी विकासखंड के ग्राम लोहारी स्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में दलितों को पूजा करने से रोका, मौके पर पहुंचे कांग्रेस विधायक हीरालाल अलावा, देर रात तक चलता रहा ग्रामीणों का प्रदर्शन

Updated: Jul 20, 2023, 06:35 PM IST

धार। मध्य प्रदेश में दलित-आदिवासियों के साथ उत्पीड़न की घटनाएं नहीं कम हो रही हैं। धार जिले में एक मंदिर में दलितों को पूजा करने से रोके जाने का ममला सामने आया है। यहां मंदिर के बाहर फ्लेक्स लगाकर लिखा गया कि मंदिर में हरिजनों का आना मना है।

मामला कुक्षी विकासखंड के ग्राम लोहारी का है। गांव में तीन माह पहले ही श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर का निर्माण हुआ है। ग्रामीण यहां रोजाना दर्शन के लिए जाते हैं। बुधवार शाम को एक फ्लैक्स का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें लिखा था कि, 'यह मंदिर सार्वजनिक नहीं है। यह संपदा व्यक्तिगत निजी है। ऐसे में निवेदन है कि हरिजनों का मंदिर में आना सख्त मना है। धन्यवाद जागिरदार।'

फ्लेक्स लगाए जाने के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया। विरोध में ग्रामीणों ने बुधवार रात 10 बजे चक्काजाम कर दिया। मौके पर कांग्रेस विधायक हीरालाल अलावा भी पहुंचे। चक्काजाम से मनावर-कुक्षी मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं थी। ग्रामीणों से प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन की टीम ने फ्लैक्स को वहां से हटवा दिया।

जानकारी के मुताबिक करीब ढाई घंटे तक चर्चा के बाद रात करीब 12:30 बजे लोग सड़कों से हटे। धार एसपी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि फ्लेक्स लगाने वाले प्रहलाद विश्वकर्मा के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है। मामले पर जयस कार्यकर्ता महेंद्र कन्नौज ने कहा कि किसी की निजी जमीन पर समाज भी नहीं जाना चाहता, लेकिन फ्लैक्स लगाकर समाज की भावना को आहत किया गया है। आदिवासी देश के मूल निवासी हैं, समाज के लोगों को परेशान करने, प्रताड़ित करने के लिए इस प्रकार की हरकत की गई।