MP: खिलचीपुर ट्रेंचिंग ग्राउंड में मिले 70 से अधिक गायों के शव, कांग्रेस ने राज्य सरकार पर साधा निशाना
राजगढ़ स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में 70 से ज्यादा मृत गायों के शव और कंकाल खुले में मिलने से हड़कंप मच गया है। खौफनाक वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा है।
राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर क्षेत्र स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में बड़ी संख्या में मृत गायों के शव और कंकाल खुले में पड़े मिले। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला तेजी से फैल गया और राजनीतिक विवाद का रूप ले लिया है। कांग्रेस ने इस पूरे मामले को लेकर राज्य की भाजपा सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, खिलचीपुर के ट्रेंचिंग ग्राउंड में 70 से ज्यादा गौवंश के शव और कंकाल बिखरे हुए दिखाई दिए। जिसका वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर आक्रोश बढ़ गया। इस दृश्य ने न सिर्फ आम लोगों को चौंकाया बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था और नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें:MP: सरकारी नौकरी में दो बच्चों वाला नियम होगा खत्म, सीएम यादव ने प्रारूप निरस्त करने के दिए निर्देश
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता संगीता शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल वीडियो साझा करते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना उन दावों के विपरीत है जिनमें सरकार गौ संरक्षण और गौ सेवा की बात करती है। उनके अनुसार, जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग तस्वीर पेश कर रही है।
संगीता शर्मा ने इसे गौ भक्ति के नाम पर दिखावा बताते हुए कहा कि एक तरफ बड़े बड़े मंचों से गौ रक्षा के दावे किए जाते हैं। वहीं, दूसरी तरफ ट्रेंचिंग ग्राउंड में इस तरह शवों का मिलना गंभीर लापरवाही को उजागर करता है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इन निर्दोष गौवंश की ऐसी स्थिति के लिए जिम्मेदार कौन है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आगे कहा कि क्या गौ रक्षा केवल भाषणों और राजनीतिक प्रचार तक सीमित रह गई है। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन और नगर परिषद की व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद इलाके में नाराजगी का माहौल है और लोग जिम्मेदारी तय करने की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:रायपुर में साइबर ठगी का शिकार हुए ट्रिपल आईटी के असिसटेंट प्रोफेसर, ठगों ने खाते से उड़ाए 1.08 लाख रुपये




