MP Election 2023: डैमेज कंट्रोल में जुटी कांग्रेस, उज्जैन उत्तर से AAP उम्मीदवार विक्की यादव हुए कांग्रेस में शामिल

कांग्रेस पार्टी से टिकट न मिलने से नाराज विक्की यादव ने AAP का दामन थाम लिया था। AAP ने यादव को उज्जैन उत्तर से प्रत्याशी भी घोषित कर दिया था, लेकिन वह फिर कांग्रेस में शामिल हो गए।

Updated: Oct 25, 2023, 11:35 AM IST

उज्जैन। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने सभी 230 सीटों पर प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। कुछ सीटों पर प्रत्याशियों के विरोध के बाद कांग्रेस अब डैमेज कंट्रोल में जुट गई है। इसी क्रम में उज्जैन उत्तर से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी विक्की यादव ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है।

उज्जैन उत्तर से कांग्रेस से दावेदारी जता रहे विक्की यादव टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर बागी हो गए थे। उन्होंने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया था। जिसके बाद उन्हें आम आदमी पार्टी ने उज्जैन उत्तर से अपना प्रत्याशी भी बनाया था। लेकिन अब विक्की ने फिर कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। उन्होंने पार्टी द्वारा घोषित प्रत्याशी माया त्रिवेदी के पक्ष में काम करने का निर्णय लिया है।

यह भी पढ़ें: MP Election: BJP विधायक प्रेमशंकर वर्मा की बढ़ी मुश्किलें, आचार संहिता उल्लंघन मामले में FIR दर्ज

कांग्रेस ज्वाइन करने के उपरांत विवेक यादव ने कहा कि टिकट नहीं मिलने से मैं नाराज जरूर था किंतु वरिष्ठ कांग्रेस नेता लगातार संपर्क में थे। पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने 15 तारीख को ही मुझ से फोन पर बात की थी। फिर शहर कांग्रेस के अध्यक्ष व अन्य नेता मुझसे मिलने आए थे। कुलदीप इंदौर ने घर आकर मुझे अधिकार पूर्वक पार्टी में काम करने की बात कही और साथ लेकर कमलनाथ के बंगले पर गए जहां उनसे चर्चा उपरांत प्रभारी रणदीप सिंह सूरजेवाला से भी मेरी चर्चा हुई और मैंने यह निर्णय लिया।

विक्की यादव नाराज होकर आम आदमी पार्टी में चले गए थे। पार्टी की घोषित लिस्ट में उन्हें उज्जैन का उम्मीदवार भी बनाया था। लेकिन एक बार फिर विक्की ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। उनके कांग्रेस में आने से अब बीजेपी प्रत्याशी अनिल जैन की मुसीबतें बढ़ सकती है। अब तक माना जा रहा था की विक्की यादव के चुनाव लड़ने से कांग्रेस को सीधा नुकसान होगा, लेकिन अब समीकरण बदले तो विक्की के कांग्रेस में दोबारा आने से पार्टी को फायदा मिलेगा।