MP Election 2023: जनादेश की चोरी करने वालों को समर्थन नहीं सज़ा मिलेगी: पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा

हिमाचल में 3 लाख कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है, मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस की सरकार बनने पर मिलेगा: आनंद शर्मा

Updated: Nov 07, 2023, 07:05 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए जारी प्रचार में सभी दलों नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी सबसे ज्यादा आक्रामक नजर आ रही है। मंगलवार को कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। शर्मा ने कहा इस राज्य में सबसे अधिक भ्रष्टाचार होता है। व्यापम, नर्सिंग और पटवारी घोटाला जैसे कई घोटाले बीजेपी की सरकार में हुए। यहां तक कि इन्होंने भगवान को भी नहीं छोड़ा और महाकाल लोक में भी घोटाला कर दिया।

आनंद शर्मा ने पीसीसी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा, 'मध्य प्रदेश भारत का एक बड़ा राज्य है। इसकी एक ऐतिहासिक भूमिका रही है, देश के स्वतंत्रा संग्राम में भी भूमिका रही है। मध्य प्रदेश ने बड़े ही प्रतिभाशाली नेता इस भारत देश को दिए हैं। लेकिन मुझे हर किसी से सामान्य बात करने पर सुनकर बड़ा दुख हुआ कि यहां पर भाजपा की सरकार में बहुत ही भ्रष्टाचार है। व्यापम, नर्सिंग, पटवारी घोटाला आज हमारे सामने हैं। इन्होंने तो भगवान को भी नहीं छोड़ा, उज्जैन महाकाल लोक में भी घोटाला किया। देश के कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर जी के लड़के का 100 करोड़ रूपये वाला वीडियो आया है पर प्रधानमंत्री जी चुप हैं।'

यह भी पढ़ें: MP Election 2023: धर्म के नाम पर हुकूमत करने वाले गरीब को और गरीब बना रहे हैं, ग्वालियर में बोले खड़गे

आंनद शर्मा ने आगे कहा कि, '2020 में हमारी सरकार गिराकर शिवराज सिंह चौहान ने चोरी से सरकार बनाई थी। प्रधानमंत्री जी 13 बार मध्य प्रदेश में आ रहे हैं, लेकिन उनके आने का कोई भी असर यहां नहीं होगा। सामान्य लोगों और कार्यकर्ताओं से बात करने पर पता लगता है कि भाजपा अंदर से घबराई हुई है। क्योंकि वह जानती हैं कि इस बार चुनाव हार रहे हैं, इसलिए उन्होंने केंद्र से तीन मंत्री यहां भेज दिए हैं चुनाव लड़ने के लिए। मप्र में कांग्रेस की सरकार आने पर हम कर्नाटक और हिमाचल की तरह मप्र के शासकीय कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे। हम किसानों का 2 लाख तक का कर्ज माफ़ करेंगे, जैसे हमने 2018 में किया था।'

शर्मा ने आगे कहा कि, 'मध्य प्रदेश कृषि प्रधान राज्य है, लेकिन कुपोषण में नंबर वन है। हंगर इंडेक्स में इंडिया का नंबर आज 111 है। आज गरीबों की नहीं बल्कि पूंजीपतियों की सरकार चल रहे हैं। देश में कुपोषण बढ़ गया है और मोदी जी वोट मांग रहे। महात्मा गांधी, सरदार पटेल और हमारे जो भी महानायक रहे हैं, हम उनकी सोच, उनकी विचारधारा के हिसाब से चलते हैं। लेकिन हमारे देश के प्रधानमंत्री जी हमारे खून पर सवाल उठाते हैं, जबकि इस तरह की राजनीति करने में हम विश्वास नहीं रखते ना ही हमारे संस्कार हैं। देश को 2014 के बाद से अनुभव हो रहा है कि वादे किए तो जाते हैं और वादे निभाए नहीं जाते हैं। प्रधानमंत्री मध्य प्रदेश में नए-नए वादे कर रहे हैं, जबकि अपने केंद्र की सरकार में किए हुए वादे की कोई बात नहीं कर रहे।'

शर्मा ने आगे कहा कि, 'मध्य प्रदेश में एक शिक्षक द्वारा संचालित स्कूल में मध्य प्रदेश नंबर वन है, स्वास्थ्य के क्षेत्र में मध्य प्रदेश का नंबर 17 है पूरे देश में आदिवासियों पर अत्याचार में नंबर वन है। मध्य प्रदेश में 23.6 प्रतिशत युवा बेरोजगार है, भाजपा बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन इन्होंने जो इन्वेस्टर समिट किया था और उसके नाम पर करोड़ों रू. बर्बाद किये, उसका हिसाब क्यों नहीं दे रहे हैं। हम किसानों का 2 लाख तक का कर्ज माफ करेंगे, हम महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रूपये नारी सम्मान निधि के जरिए देंगे, घरेलू गैस सिलेंडर को 500 रू. में देने का काम करने वाले हैं। पुरानी पेंशन स्कीम लागू की जाएगी और पढ़ो-पढ़ाओ योजना के जरिए बच्चों को स्कूली शिक्षा मुफ्त की जाएगी, हम 100 यूनिट फ्री बिजली देने वाले हैं और 100 यूनिट का बिजली बिल हाफ होगा।'