MP Elections 2023: BJP ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची, पूर्व सीएम उमा भारती का नाम गायब

BJP Star Campaigners: स्टार प्रचारकों की सूची में पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, सीएम शिवराज, ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरेंद्र सिंह तोमर का नाम शामिल है।

Updated: Oct 27, 2023, 09:47 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। भाजपा की ओर से निर्वाचन आयोग को दी गई जानकारी में 40 नेताओं के नाम शामिल हैं। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री शाह, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, असम सीएम हिमांता बिस्वा सरमा, सीएम शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीडी शर्मा जैसे दिग्गजों का नाम शामिल है।

हैरानी की बात ये है कि स्टार प्रचारकों की इस सूची में मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती का नाम शामिल नहीं है। इससे पहले इलेक्शन मैनेजमेंट समेत कैंपेन कमेटी से उमा भारती को बाहर कर दिया गया था। ऐसे में अब इस बात को लेकर चर्चाएं हो रही है कि अन्य राज्य में स्टार प्रचारकों की सूची में शुमार रहने वाली उमा भारती मध्य प्रदेश में स्टार प्रचारक नहीं रहीं। जबकि वह न सिर्फ प्रदेश की मुख्यमंत्री रहीं हैं, बल्कि ओबीसी वर्ग की सीनियर महिला नेत्री हैं।

इसके अलावा स्टार प्रचारकों की सूची में जगत प्रकाश नडडा, नितिन गड़करी, शिव प्रकाश, सत्यनारायण जटिया, अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल, स्मृति ईरानी, भूपेन्द्र यादव, अश्विनी वैष्णव, वीरेन्द्र कुमार खटीक, अनुराग ठाकुर, देवेन्द्र फड़नवीस, हिमंत बिस्वा सरमा, कैलाश विजयवर्गीय, केशव प्रसाद मौर्य, ब्रिजेश पाठक, फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रह्लाद पटेल, एस.पी. सिंह बघेल, कृष्णपाल गुर्जर, मनोज तिवारी, जयभान सिंह पवैया, हितानंद नरोत्तम मिश्रा, गोपाल भार्गव, राजेंद्र शुक्ल, लाल सिंह आर्य, कविता पाटीदार, उमाशंकर गुप्ता, गणेश सिंह, गौरीशंकर बिसेन और रामलाल रौतेल का नाम भी शामिल है।